- दो साल पहले ही हुई थी शादी, चार बहनों का था इकलौता भाई, परिवार सदमे में गाजियाबाद, (ईएमएस)। गाजियाबाद में छज्जे की ग्रिल में करंट उतरने से बिहार के युवक की मौत हो गई। वह अपने परिवार के साथ यहां किराये के मकान में रहता था। बताया जा रहा है कि दो साल पहले ही उसकी शादी हुई थी। चार बहनों के बीच वह इकलौता भाई था। उसकी मौत से परिवार गहरे सदमे में है। जानकारी के मुताबिक गाजियाबाद के सिहानी गेट थानाक्षेत्र में मंगलवार सुबह छज्जे की ग्रिल में उतरे करंट की चपेट में आने से युवक ग्रिल से ही लटक गया। किसी तरह नीचे उतारकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया गया। बताया जा रहा है कि वह परिवार का एकमात्र कमाने वाला था। मूलरूप से बिहार निवासी 25 साल के चंदन कुमार जयप्रकाश नगर की गली नंबर-आठ स्थित राकेश के मकान में परिवार के साथ किराए पर रहते था। परिवार में बुजुर्ग माता-पिता, चार बहनें और पत्नी हैं। चंदन पत्थर लगाने का काम करते था। बताया जा रहा है कि उनकी दो साल पहले ही शादी हुई थी और वह परिवार की जिम्मेदारियों को संभाल रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मंगलवार सुबह करीब आठ बजे चंदन रोज की तरह सोकर उठने के बाद छज्जे पर गया। जैसे ही उसने लोहे की ग्रिल को पकड़ा तो वह करंट की चपेट में आ गए। करंट इतना तेज था कि वह खुद को छुड़ा नहीं सका और ग्रिल से ही लटक गया। परिजनों की नजर पड़ते ही घर में चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे और बिजली का कनेक्शन बंद कराने के बाद काफी मशक्कत से ग्रिल से अलग किया। गंभीर हालत में चंदन को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सिहानी गेट पुलिस ने जांच की है। अभी तक परिजनों की ओर से कोई शिकायत नहीं दी गई है। रिपोर्ट के मुताबिक परिजनों और अन्य किरायेदारों ने मकान मालिक पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि छज्जे की ग्रिल में पहले भी कई बार करंट आने की शिकायत की गई थी, इसके बावजूद मकान मालिक ने समस्या को नजरअंदाज किया और कोई मरम्मत नहीं कराई। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय रहते विद्युत समस्या को ठीक करा दी जाती तो यह हादसा नहीं होता। - सिराज/ईएमएस 22अप्रैल26