गुना (ईएमएस)। शहर में कोचिंग संस्थानों की कार्यप्रणाली को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। त्रिनेत्र एकेडमी नामक कोचिंग सेंटर पर एक छात्र ने फीस लेने के बाद वादा पूरा न करने और विरोध करने पर मारपीट व धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची, जिसके बाद जांच शुरू कर दी गई है। सिसौदिया कॉलोनी निवासी 17 वर्षीय शिवांश भार्गव ने आवेदन में बताया कि उसने बेहतर पढ़ाई के भरोसे इस कोचिंग में प्रवेश लिया था। संस्थान की ओर से यह आश्वासन दिया गया था कि यदि 15 दिनों के भीतर पढ़ाई संतोषजनक न लगे तो पूरी फीस वापस कर दी जाएगी। इसी भरोसे पर छात्र ने 16 हजार रुपए जमा किए, जिसकी एक साधारण रसीद दी गई। छात्र का कहना है कि कुछ ही दिनों में उसे पढ़ाई का स्तर अपेक्षित नहीं लगा। जब वह फीस वापस लेने पहुंचा, तो संस्थान संचालक अपने वादे से मुकर गए। आरोप है कि पैसे मांगने पर उसके साथ अभद्रता की गई और मारपीट कर डराया-धमकाया गया। छात्र ने यह भी दावा किया कि ऐसे कई अन्य विद्यार्थी भी हैं, जिन्हें इसी तरह परेशान किया गया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक हितिका वासल ने जांच के निर्देश दिए हैं। प्रारंभिक तौर पर कोचिंग के विज्ञापन, फीस रसीद और अन्य दस्तावेजों की जांच की जा रही है, ताकि आरोपों की सच्चाई सामने आ सके। एसपी ने स्पष्ट किया कि छात्रों की शिकायतों को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस घटनाक्रम ने शहर में कोचिंग संस्थानों की पारदर्शिता और जिम्मेदारी पर बहस छेड़ दी है। - सीताराम नाटानी