-अदालत की अवमानना वाली याचिका पर टली सुनवाई नई दिल्ली,(ईएमएस)। आम आदमी पार्टी के प्रमुख और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से जुड़े एक मामले में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। दिल्ली हाईकोर्ट के जस्टिस तेजस कारिया ने अदालत की अवमानना से संबंधित याचिका की सुनवाई से खुद को अलग कर लिया है। इस फैसले के चलते मामले की सुनवाई फिलहाल टल गई है। यह मामला अदालत की कार्यवाही का वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड किए जाने से जुड़ा है, जिस पर अवमानना की कार्रवाई की मांग की गई थी। बुधवार को यह मामला चीफ जस्टिस देवेंद्र कुमार उपाध्याय और जस्टिस तेजस कारिया की पीठ के समक्ष सूचीबद्ध था। हालांकि, जस्टिस कारिया के स्वयं को अलग करने के बाद अब इस मामले की सुनवाई गुरुवार को एक नई बेंच द्वारा की जाएगी। इस बीच, अरविंद केजरीवाल को हाल ही में एक अन्य मामले में झटका भी लगा था। सोमवार को दिल्ली हाईकोर्ट की जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा ने आबकारी नीति से जुड़े मामले की सुनवाई से खुद को अलग करने से इनकार कर दिया था और केजरीवाल व अन्य की याचिका खारिज कर दी थी। करीब एक घंटे से अधिक चली सुनवाई के दौरान जस्टिस शर्मा ने स्पष्ट टिप्पणी करते हुए कहा कि किसी भी पक्षकार को बिना ठोस सबूत के जज पर सवाल उठाने की अनुमति नहीं दी जा सकती। उन्होंने कहा कि न्यायाधीश किसी पक्ष के निराधार आशंकाओं के आधार पर खुद को मामले से अलग नहीं कर सकते। जस्टिस शर्मा ने यह भी कहा कि किसी राजनीतिक व्यक्ति को बिना आधार के न्यायपालिका जैसी संस्था को नुकसान पहुंचाने की अनुमति नहीं दी जा सकती। उनके अनुसार, किसी जज पर व्यक्तिगत टिप्पणी करना न्यायपालिका पर हमला करने के समान है। उन्होंने अपने आदेश में कहा कि याचिका में लगाए गए आरोप महज अनुमानों और कथित पूर्वाग्रह पर आधारित हैं, जिनका कोई ठोस आधार नहीं है। अंत में उन्होंने स्पष्ट किया कि वह इस मामले से अलग नहीं होंगी और न्यायपालिका की गरिमा बनाए रखेंगी। हिदायत/ईएमएस 22अप्रैल26