क्षेत्रीय
22-Apr-2026
...


- परिचित युवको ने की धोखाधड़ी, एक आरोपी गिरफ्तार भोपाल(ईएमएस)। बागसेवनिया पुलिस ने निजी अस्पताल कि नर्स की शिकायत पर उसे एम्स में सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर 50 हजार की ठगी करने वाले दो परिचित युवको के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आगे की कार्यवाही करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। शातिरो ने एक साल पहले युवती से धोखाधड़ी की थी। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 30 वर्षीय प्रिया राठौर पुत्री गेंदालाल (30) ने अपनी शिकायत में बताया की वह मूल रुप से सीहोर के गंज क्षेत्र की रहने वाली है। भोपाल से नर्सिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद वह एक निजी अस्पताल में नर्स की नौकरी करती है। सीहोर के ही रहने वाले उसके पिता के परिचित मुकुल त्यागी से उसकी पहचान थी। फरवरी 2025 में मुकुल त्यागी ने उसकी मुलाकात सीहोर निवासी अमर छावा से कराई थी। मुकुल और अमर भोपाल में निजी काम करते है। पहचान बढ़ने पर दोनो ने प्रिया को झांसा देते हुए कहा की उनकी काफी प्रभावशाली लोगो से पहचान है, और यदि वह चाहे तो उसकी स्थाई नर्स की नौकरी नौकरी एम्स भोपाल में लगवा सकते है। उनपर विश्वास कर युवती उनके झांसे में आ गई। बाद में नौकरी लगवाने के ऐवज में दोनों पक्षों के बीच एक लाख रुपए में सौदा तय हुआ। जिसमें से 50 हजार रुपए युवती ने दे दिए। बाकी रकम नौकरी लगने के बाद देने की बात तय हुई थी। लेकिन रकम लेने के बाद मुकुल और अमर ने न तो उसे कोई ऑफर लेटर दिया और न ही नौकरी से जुड़ी कोई प्रक्रिया पूरी कराई। काफी समय बाद जब प्रिया और उसके परिजनों ने आरोपियों से संपर्क किया तो वे लगातार टालमटोल करते रहे। पैसे देने के एक साल बाद भी जब आरोपियो ने न तो नौकरी दिलाई और न ही उसके पैसे वापस किए। तब परेशान होकर पीड़िता ने पुलिस में शिकायत कर दी। जांच के बाद पुलिस ने मुकुल त्यागी और अमर छावा के खिलाफ धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज करते हुए अमर छावा को गिरफ्तार कर लिया है, वहीं फरार मुकुल की तलाश जारी है। जुनेद / 22 अप्रैल