राज्य
22-Apr-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। सहारनपुर विकास प्राधिकरण (एसडीए) ने दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के पास 1460 प्लॉटों वाली मां शाकंभरी देवी आवासीय योजना लॉन्च की है। 21 अप्रैल से 20 मई 2026 तक चलने वाले रजिस्ट्रेशन में 112 से 288 वर्ग मीटर तक के प्लॉट उपलब्ध हैं। 200 करोड़ की लागत से बनने वाली यह स्मार्ट टाउनशिप सीसीटीवी, पार्क और ईवी चार्जिंग जैसी आधुनिक सुविधाओं से लैस होगी। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में निवासियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। आबादी के बढ़ते दबाव और सुनियोजित आवासीय विकल्पों की कमी के बीच सहारनपुर विकास प्राधिकरण (एसडीए) एक बेहद आधुनिक टाउनशिप लेकर आया है। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के नजदीक विकसित हो रही इस योजना का नाम मां शाकंभरी देवी आवासीय योजना (फेज-1) रखा गया है। इस ड्रीम प्रोजेक्ट के लिए प्लॉटों का पंजीकरण 21 अप्रैल 2026 से शुरू हो गया है। आवेदकों के पास 20 मई 2026 तक का समय है। यानी पूरे एक महीने तक रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया जारी रहेगी। यदि आप भी अपनी जमीन और अपने घर की तलाश में हैं, तो यह मौका हाथ से जाने न दें। यह टाउनशिप सहारनपुर शहर के चुन्हेटी-टपरी रोड स्थित मिनी बाईपास पर 52.97 हेक्टेयर भूमि पर विकसित की जा रही है। मुख्य शहर से इसकी दूरी महज 8 से 10 किलोमीटर है। मिनी बाईपास और दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के करीब होने के कारण यह निवेश के लिहाज से सोने पर सुहागा है। विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले समय में यह क्षेत्र सहारनपुर का सबसे पॉश इलाका बनेगा। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ ईएमएस/22/अप्रैल /2026

खबरें और भी हैं