राष्ट्रीय
22-Apr-2026
...


गुरुग्राम,(ईएमएस)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुग्राम में बयान देकर पश्चिम बंगाल की राजनीति और विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली सरकार पर निशाना साधकर कहा कि आगामी चुनावों में राज्य की जनता उनका “बहुत बुरा हाल” करने वाली है। सीएम सैनी के अनुसार, बंगाल की महिला मतदाता ऐसी सरकार चाहती हैं जो उन्हें सम्मान और 33 प्रतिशत आरक्षण प्रदान करे, जबकि उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार इस दिशा में काम करने को इच्छुक नहीं है। सीएम सैनी ने कांग्रेस पर भी तीखा प्रहार किया और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर की गई टिप्पणी को “निराशा का प्रतीक” बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास देश को विकसित बनाने के लिए दशकों का समय था, लेकिन कांग्रेस वहां स्वर्णिम मौका गंवा दिया गया। उनके अनुसार, आज कांग्रेस के पास न ठोस मुद्दे हैं और न ही व्यापक जनसमर्थन, जिसके कारण वह व्यक्तिगत आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति तक सीमित होकर रह गई है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की सराहना कर सीएम सैनी ने कहा कि भारत वैश्विक स्तर पर नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने महिलाओं के सशक्तिकरण को केंद्र सरकार की प्रमुख उपलब्धि बताया। उनके अनुसार, खेलों में बेटियों की सफलता, सेना में महिलाओं की भागीदारी और विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं परिवर्तन का प्रमाण हैं। उन्होंने कहा कि शौचालय निर्माण और आवास योजनाओं के माध्यम से महिलाओं के जीवन स्तर में सुधार आया है। गुरुग्राम में आयोजित हरियाणा कैबिनेट बैठक में 27 अप्रैल को विधानसभा का विशेष सत्र बुलाने का निर्णय लिया गया। इस सत्र में “हरियाणा क्लेरिकल सर्विसेज बिल, 2026” पेश किया जाएगा। साथ ही, “नारी शक्ति वंदन” से जुड़े मुद्दे पर विपक्ष के खिलाफ निंदा प्रस्ताव लाने की संभावना भी जाहिर की गई है। वहीं अपने संबोधन के अंत में सीएम सैनी ने 22 अप्रैल 2025 को हुए पहलगाम आतंकी हमला को याद करते हुए पीड़ितों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि देश इस तरह के कायरतापूर्ण हमलों को कभी नहीं भूलेगा और आतंकवाद के खिलाफ एकजुट होकर मजबूती से खड़ा रहेगा। आशीष दुबे / 22 अप्रैल 2026