22-Apr-2026
...


- पीयूष बंसल का पुतला फूंका भोपाल(ईएमएस)। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक कथित पॉलिसी डॉक्यूमेंट से लेंसकार्ट शोरूम के खिलाफ शुरू हुआ आक्रोश लगातार फैलता जा रहा है। इसी कड़ी में शिवसेना भोपाल इकाई द्वारा लैसंकार्ट के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। कार्यकर्ताओं ने कंपनी के रंगमहल चौराहा क्षेत्र में स्थित शोरूम पास जमा होकर जमकर नारेबाती करते हुए कंपनी के सीईओ पियूष बंसल का पुतला दहन किया। प्रदर्शन के दौरान शिवसेना कार्यकर्ताओ ने शोरूम की ओर बढ़े और लेंसकार्ट के लोगो पर कालिख पोतने का प्रयास किया। लेकिन मौके पर मौजूद प्रशासन ने तुरंत ही उन्हें रोकते हुए स्थिति को नियंत्रित किया। युवा मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष कुलदीप तिवारी ने आरोप लगाते हुए कहा की पीयूष बंसल ने ओछी मानसिकता का परिचय देते हुए सनातन धर्म की भावनाओं को ठेस पहुंचाई है। उन्होंने मामले की जांच की मांग करते हुए आशंका जताई कि कहीं इसके पीछे विदेशी फंडिंग तो नहीं है। साथ ही यह भी आरोप लगाया कि कंपनी में कर्मचारियों को तिलक, बिंदी और रक्षासूत्र पहनने से रोका जा रहा है, जबकि अन्य धर्मों के कर्मचारियों पर कोई प्रतिबंध नहीं है। कार्यकर्ताओं ने मांग की कि पीयूष बंसल के खिलाफ धार्मिक भावनाएं आहत करने और धार्मिक उन्माद फैलाने जैसी धाराओं में मामला दर्ज किया जाए। जिला अध्यक्ष युवा मोर्चा दिलीप परिहार और रोशनी ने देशवासियों से लेंसकार्ट के बहिष्कार की अपील भी की। प्रदर्शन में प्रदेश प्रवक्ता मांगीलाल सैनी, दिलीप परिहार (जिला अध्यक्ष युवा मोर्चा), रोशनी, टिंकू रैकवार, राज दोहरे, अमन तिवारी, अमन गौतम, संजय सैनी, आकाश मकोरिया, भानु भवानी, विशाल भवानी, बंटी यादव सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। इससे एक दिन पहले मंगलवार को भी हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने शो रुम के बाहर विरोध प्रदर्शन करते हुए कर्मचारियों को तिलक लगाने के साथ ही कलावा बांधा था। जुनेद / 22 अप्रैल