खेल
23-Apr-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। पूर्व क्रिकेटर संजय बांगड़ ने कहा है कि ईशान किशन की कप्तानी में सनराइजर्स हैदराबाद ने आईपीएल के इस 19 वें सत्र में अच्छा प्रदर्शन किया है। टीम शुरुआती झटकों के बाद लगातार तीन जीत के साथ ही अंकतालिका में भी शीर्ष पांच में है। ऐसे में नियमित कप्तान पैट कमिंस की वापसी के बाद भी ईशान को ही कप्तान बनाये रखा जाना चाहिये। ईशान ने अब तक 7 मैचों में कप्तानी की है, जिसमें उन्होंने 4 मैच जिताये हैं जिससे टीम अंकतालिका में तीसरे स्थान पर है। कप्तानी के बाद भी ईशान पर कोई दबाव नहीं आया है और उन्होंने जमकर रन बनाये हैं जिससे वह ऑरेंज कप की दौड़ में भी शीर्ष खिलाड़ियों में बने हुए हैं। बांगर ने कहा, एक नेता के तौर पर ईशान अपने गेंदबाजों का इस्तेमाल करने के मामले में तकनीकी रूप से बहुत अच्छे हैं। वह समझते हैं कि किस बल्लेबाज के खिलाफ किस गेंदबाज का इस्तेमाल करना है। यह साफ दिखाता है कि वह खेल की कितनी अच्छी समझ रखते हैं। बांगड़ ने कहा, वह एक जगह स्थिर नहीं दिखते, जल्दबाजी में नहीं दिखते, मैदान पर सही फैसले ले रहे हैं। उन्होंने दिल्ली के खिलाफ अपने स्पिनर्स का शानदार इस्तेमाल किया। इसलिए मेरा मानना ​​है कि अगर कमिंस वापस भी आते हैं, तो भी ईशान को एसआरएच की कप्तानी जारी रखनी चाहिए क्योंक ज्यादातर मामलों में, एक भारतीय कप्तान होने से निरंतरता आती है। उन्होंने कहा कि कमिंस आईपीएल 2026 के बचे हुए मैचों में कितना फिट रहेंगे अभी ये कहा नहीं जा सकता है। वह छोटी-मोटी परेशानियों से जूझ रहे हैं। ऐसे में ईशान का ही कमान संभाले रखना सही रहेगा। बार-बार बदलाव से भी संशय बनता है। ईशान ने कप्तानी के साथ-साथ बल्लेबाजी में भी 7 मैचों की 7 पारियों में वह 34 की औसत और 188.89 की स्ट्राइक रेट से 238 रन बनाये हैं। ऐेसे में कप्तान और बल्लेबाज के तौर पर उनकी सफलता को देखते हुए ही उन्हें कप्तान बनाये रखना सही फैसला होगा। गिरजा/ईएमएस 23 अप्रैल 2026