ट्रेंडिंग
23-Apr-2026
...


मिर्जापुर (ईएमएस)। मिर्जापुर में बुधवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में ग्यारह लोगों की जान चली गई, जिनमें से नौ लोग बोलेरो में जिंदा जल गए। ड्रमंडगंज घाटी स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग-135 पर यह भीषण दुर्घटना तब हुई जब एक मालवाहक ट्रक के ब्रेक फेल हो गए। अनियंत्रित ट्रक ने आगे चल रही एक बोलेरो, एक कार और एक अन्य ट्रक को जोरदार टक्कर मार दी। इस जबरदस्त भिड़ंत के कारण बोलेरो में तुरंत आग लग गई, जिसने उसमें सवार सभी नौ लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में कार चालक और ट्रक के खलासी ने भी दम तोड़ दिया। पुलिस और दमकल विभाग ने स्थानीय लोगों की मदद से बचाव कार्य कर बड़ी मश्क्कत के बाद शवों को बाहर निकाला। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चना लादकर ढलान पर उतर रहा ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया और उसने वाहनों को इतनी भीषण टक्कर मारी कि बोलेरो आग के गोले में तब्दील हो गई। भीषण आग की वजह से बोलेरो में सवार किसी भी व्यक्ति को बचाया नहीं जा सका। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने बताया कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार दो ट्रकों के बीच दबकर पूरी तरह चकनाचूर हो गई, जिससे मौके पर ही मौतें हुईं। इस हादसे का सबसे हृदय विदारक पहलू यह है कि मरने वालों में मिर्जापुर के जिगना थाना क्षेत्र के नरैना गांव के एक ही परिवार के सात सदस्य शामिल हैं। मृतकों की पहचान शिवा सिंह (8), सोनम सिंह (9), पीयूष सिंह (14), पंकज सिंह (40), वंदना सिंह (43), विष्णु सिंह (45) और वीना सिंह (47) के रूप में हुई है। इसके अतिरिक्त, सतना के प्रियंका सिंह और कार्तिकेय सिंह, सागर के विकास शर्मा और सोनभद्र के जय प्रकाश ने भी इस दुर्घटना में अपनी जान गंवाई। राष्ट्रपति ने जताया शोक मिर्जापुर सड़क हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गहरा दुख व्यक्त किया है, उन्होंने अपने शोक संदेश में कहा कि उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में सड़क दुर्घटना में लोगों की मृत्यु के बारे में जानकर उन्हें गहरा दुख हुआ है। उन्होंने कहा कि इस दुर्घटना में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति वह गहन शोक-संवेदना व्यक्त करती हैं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हैं। पीएम मोदी ने किया मुआवजे का ऐलान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि मिर्जापुर में हुई इस दुर्घटना में लोगों की जान जाने से वे बेहद दुखी हैं और शोक संतप्त परिवारों के प्रति उनकी गहरी संवेदनाएं हैं। प्रधानमंत्री ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हुए प्रधानमंत्री आपदा राहत कोष से मुआवजे का ऐलान किया है। पीएमओ के अनुसार, इस हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के निकटतम परिजन को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी, जबकि घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता प्रदान की जाएगी। मुख्यमंत्री ने जताया शोक वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है और शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। उन्होंने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की भी घोषणा की। जिला मजिस्ट्रेट पवन गंगवार ने पुष्टि की कि सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और प्रभावित परिवारों को सूचित कर दिया गया है। फिलहाल, प्रशासन ने दुर्घटना की विस्तृत जांच शुरू कर दी है तथा यातायात बहाल कर दिया गया है। शुरुआती जांच में बिहार और मध्य प्रदेश के नंबर वाले ट्रकों की संलिप्तता सामने आई है। डेविड/ईएमएस 23 अप्रैल 2026