अंतर्राष्ट्रीय
23-Apr-2026
...


ईरानी राजनयिक बोले-जब तक नाकाबंदी नहीं हटेगी तब तक बातचीत नहीं तेहरान,(ईएमएस)। ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट में बुधवार को तीन जहाजों पर गोलीबारी की और दो को जब्त कर लिया। यह घटना तब हुई जब अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने शांति वार्ता फिर से शुरू होने के कोई संकेत न मिलने पर हमलों को अनिश्चित काल के लिए टाल दिया है। ईरान ने ट्रंप द्वारा किए गए युद्ध विराम विस्तार को लेकर कोई औपचारिक पुष्टि नहीं की है लेकिन एक ईरानी राजनयिक ने कहा कि जब तक नाकाबंदी नहीं हटाई जाती तब तक बातचीत दोबारा शुरू नहीं होगी। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक ईरान की समाचार एजेंसी ने बताया कि रिवॉल्यूशनरी गार्ड समुद्री नियमों के उल्लंघन के आरोप में दो जहाजों को जब्त कर ईरान के तट पर ले आए। फरवरी के अंत में युद्ध शुरू होने के बाद यह पहली बार है जब ईरान ने जहाजों को जब्त किया है। इन जहाजों की पहचान एमएससी फ्रांन्सेस्का और एपामिनोड्स के रूप में की गई है। जहाजों के मालिकों से फिलहाल संपर्क नहीं हो सका। इन घटनाओं को ईरान के नेतृत्व द्वारा एक बड़े रणनीतिक बदलाव के रूप में देखा जा रहा है, जो अमेरिकी वार्ताकारों के साथ अब और कड़े शर्तों पर सौदा करने की कोशिश कर रहा है। इससे पहले एक ब्रिटिश समुद्री सुरक्षा एजेंसी ने बताया था कि तीन जहाजों पर गोलीबारी हुई थी। ईरानी गोलीबारी में निशाना बनने वाले तीन वाणिज्यिक जहाजों में से एक जहाज संभवतः गुजरात के मुंद्रा बंदरगाह की ओर जा रहा था। समुद्री निगरानी कंपनी मैरीनट्रैफिक के मुताबिक एपामिनोंडस नामक कंटेनर जहाज ने अपने गंतव्य के रूप में मुंद्रा बंदरगाह का संकेत दिया था। ट्रंप ने मंगलवार देर रात सोशल मीडिया पर जारी एक बयान में कहा था कि मध्यस्थ देश पाकिस्तान के अनुरोध पर ईरान के साथ युद्ध विराम को अनिश्चितकाल के लिए बढ़ा दिया है। यह कदम ईरान के आंतरिक मतभेदों से जूझ रहे नेतृत्व को 7 सप्ताह से जारी युद्ध को समाप्त करने के लिए एक प्रस्ताव तैयार करने का समय देने के उद्देश्य से उठाया गया है। यह घोषणा तब की गई, जब 8 अप्रैल को घोषित दो सप्ताह का युद्ध विराम कुछ ही घंटों में समाप्त होने वाला था। हालांकि ट्रंप ने स्पष्ट किया है कि अमेरिका ईरान पर अपने हमले को तब तक ही रोकेगा, जब तक ईरान के नेता और प्रतिनिधि समेकित प्रस्ताव तैयार नहीं कर लेते। उन्होंने कहा कि ईरान के बंदरगाहों पर आर्थिक नाकाबंदी जारी रहेगी। बता दें अमेरिका ने शनिवार को ईरान के एक मालवाहक जहाज पर गोलीबारी की और उसे जब्त कर लिया था। मंगलवार को भी उसने हिंद महासागर में एक ईरानी तेल टैंकर को अपने कब्जे में ले लिया। अमेरिका की आलोचना करते हुए ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने कहा कि ईरानी बंदरगाहों की नाकाबंदी युद्ध की कार्रवाई है और युद्ध विराम का उल्लंघन है। अमेरिका-ईरान के बीच तकरार के बावजूद पाकिस्तान बातचीत को बढ़ावा देने की कोशिश में जुटा है। दक्षिणी लेबनान में इजराइल के तीन अलग-अलग हमलों में कम से कम छह लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक इजराइल ने एक हमले से इनकार किया और बाकी पर तुरंत कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। यह घटनाक्रम ऐसे समय हुआ जब इजराइल और लेबनान के राजदूत गुरुवार को वॉशिंगटन में नाजुक युद्धविराम को बढ़ाने पर नई बैठक की तैयारी कर रहे हैं। इजराइली ड्रोन ने जब्बूर गांव पर हमला किया, जिसमें एक व्यक्ति की मौत और दो घायल हो गए। हालांकि इजरायल की सेना ने इस हमले से इनकार किया है। लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि अल-तिरी गांव पर इजराइल के दो हमलों में एक पत्रकार समेत तीन लोगों की मौत हो गई और एक अन्य पत्रकार घायल हुआ है। इजराइल की सेना ने दावा किया कि अल-तिरी में मौजूद लोग युद्धविराम का उल्लंघन कर रहे थे और उसके सैनिकों के लिए खतरा थे। उसने यह भी कहा कि उसने बचाव टीमों को रोकने या पत्रकारों को निशाना बनाने का काम नहीं किया। लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि योहमोर गांव पर एक अन्य हमले में दो लोगों की मौत और दो घायल हुए। युद्ध की शुरुआत के कुछ दिन बाद ही हिजबुल्लाह ने लेबनान से इजराइल पर रॉकेट दागे थे, जिसके बाद जवाबी हमले और इजराइल की जमीनी कार्रवाई शुरू हुई। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने कहा कि लेबनान में सप्ताहांत के हमले में घायल एक फ्रांसीसी शांति सैनिक की मौत हो गई। मैक्रों ने इस हमले के लिए हिजबुल्लाह को जिम्मेदार ठहराया, जबकि हिजबुल्लाह ने इसमें शामिल होने से इनकार किया है। सिराज/ईएमएस 23अप्रैल26 --------------------------------