राष्ट्रीय
23-Apr-2026
...


-महिलाओं और युवाओं से खास तौर पर वोट देने का आग्रह नई दिल्ली,(ईएमएस)। पश्चिम बंगाल और तमिलनाडू विधानसभा चुनाव के लिए मतदान जारी है। पश्चिम बंगाल में पहले चरण के तहत गुरुवार सुबह से मतदान जारी है। राज्य की 152 सीटों पर मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। इसी बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नागरिकों से लोकतंत्र के इस पर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों का पहला चरण आज हो रहा है और सभी मतदाताओं को इसमें पूरी ताकत के साथ भाग लेना चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं और महिलाओं से बड़ी संख्या में मतदान करने का आग्रह किया, ताकि लोकतंत्र को और मजबूत बनाया जा सके। पहले चरण में राज्य के 16 जिलों में मतदान हो रहा है। इनमें उत्तर बंगाल के कूच बिहार, दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार, उत्तर दिनाजपुर, दक्षिण दिनाजपुर और मालदा शामिल हैं। वहीं दक्षिण बंगाल के मुर्शिदाबाद, पूर्व मिदनापुर, पश्चिम मिदनापुर, झाड़ग्राम, पुरुलिया, बांकुड़ा, पश्चिम बर्दवान और बीरभूम जिलों में भी मतदान जारी है। चुनाव आयोग ने इन 16 जिलों में से सात जिलों को संवेदनशील मानते हुए विशेष निगरानी में रखा है। सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं, ताकि निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित किया जा सके। केंद्रीय बलों की तैनाती के साथ-साथ कई बूथों पर वेबकास्टिंग के जरिए भी नजर रखी जा रही है। राज्य में इस चरण के दौरान मुख्य मुकाबला सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी के बीच माना जा रहा है। दोनों ही दलों ने चुनाव प्रचार के दौरान अपनी पूरी ताकत झोंकी है। मतदान केंद्रों पर सुबह से ही लंबी कतारें देखी जा रही हैं, जिनमें महिलाओं और युवा मतदाताओं की भागीदारी उल्लेखनीय है। चुनाव आयोग और प्रशासन को उम्मीद है कि इस बार भी राज्य में अच्छी मतदान प्रतिशत दर्ज की जाएगी। हिदायत/ईएमएस 23अप्रैल26