बंगाल में चुनाव प्रचार के आखिरी दिन अमित शाह ने किया रोड शो बेहाला,(ईएमएस)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में दूसरे चरण के तहत 142 सीटों पर होने वाले मतदान को लेकर सोमवार शाम चुनाव प्रचार को शोर थम गया। इससे पहले केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने बीजेपी प्रत्याशियों के समर्थन में बेहाला पश्चिम में आयोजित रोड शो किया। उन्होंने कहा कि बंगाल के आखिरी चरण का मतदान नया इतिहास बनाएगा। हर एक वोट परिवर्तन की मजबूत नींव रखेगा और बंगाल में कमल खिलेगा। इस दौरान उन्होंने पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी द्वारा लगाए गए आरोप पर कहा कि बीजेपी अपनी रैलियों में भीड़ बढ़ाने के लिए पैसे देकर बाहरी राज्यों से समर्थक ला रही है, पर प्रतिक्रिया दी। शाह ने कहा कि पहले आप रोड शो में इस भीड़ को देखिए, क्या इतनी भीड़ बाहर से आ सकती है? ममता बनर्जी जो आरोप लगा रही हैं, उसमें जरा भी सच्चाई नहीं है। उनकी बातों को नहीं सुनना चाहिए। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि क्या यार, आप भी ममता बनर्जी की बात सुन रहे हो। सीएम ममता बनर्जी के 5 अप्रैल को कहा था कि बीजेपी अन्य राज्यों से लोगों को लाकर और पैसे देकर रैलियों में भीड़ जुटा रही है, ताकि चल रहे विधानसभा चुनावों को प्रभावित किया जा सके। चुनाव में बीजेपी -टीएमसी के कार्यकर्ताओं के बीच भिड़ंत को लेकर अमित शाह ने कहा कि कहीं भिड़ंत नहीं हो रही है। चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से हो रहा है। बंगाल को जो लोग जानते हैं कि पहले के चुनावों में कैसे हिंसा होती थी। इस बार शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव हो रहा है। शाह ने कहा कि हम बंगाल में प्रचंड बहुमत से चुनाव जीतने जा रहे हैं। चुनाव के पहले चरण की 152 सीटों पर 23 अप्रैल को मतदान हो चुका है और वोटिंग प्रतिशत 92 फीसदी रहा है। इस दौरान कुछ जगहों पर छिटपुट हिंसा की खबरें भी सामने आई थीं। अब 29 अप्रैल को दूसरे चरण के तहत 142 सीटों पर मतदान होना है। सोमवार को चुनाव प्रचार का आखिरी दिन सभी राजनीतिक दलों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी। सिराज/ईएमएस 27अप्रैल26 ---------------------------------