अंतर्राष्ट्रीय
23-Apr-2026


वाशिंगटन (ईएमएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने अपनी नौसेना को सख्त आदेश दिया है कि होर्मुज़ जलडमरूमध्य में अगर कोई नाव समुद्र में बारूदी सुरंग (माइन) बिछाते हुए दिखे, तो उसे तुरंत गोली मारकर नष्ट कर दिया जाए। यह आदेश ऐसे समय आया है जब अमेरिका और ईरान के बीच तनाव काफी बढ़ चुका है। होर्मुज़ जलडमरूमध्य इस टकराव का केंद्र बना हुआ है। ट्रंप ने कहा कि अमेरिका पहले से ही होर्मुज़ में माइन हटाने का काम कर रहा है और अब इसे तीन गुना बढ़ाने का आदेश दिया गया है। यह कदम समुद्री रास्ते को सुरक्षित रखने के लिए उठाया गया है। इस बीच हालात और गंभीर हो गए हैं। होर्मुज से गुजरने वाले जहाजों की संख्या में भारी गिरावट आई है। हालिया आंकड़ों के मुताबिक, जहाजों की आवाजाही सामान्य दिनों के मुकाबले करीब 96% तक कम हो गई है। जहां पहले रोज करीब 120 जहाज इस रास्ते से गुजरते थे, अब यह संख्या घटकर औसतन 4-5 जहाज प्रतिदिन रह गई है। यह गिरावट दिखाती है कि क्षेत्र में तनाव कितना ज्यादा बढ़ चुका है। अमेरिकी-ईरान के बीच “डबल नाकेबंदी” जैसी स्थिति बन गई है। ईरान ने कुछ समय के लिए रास्ता खोलने का ऐलान किया था, लेकिन बाद में फिर बंद कर दिया, यह कहते हुए कि अमेरिकी नाकेबंदी जारी है। स्थिति इतनी गंभीर हो गई है कि जहाजों पर हमले और सुरक्षा घटनाएं भी बढ़ रही हैं, जिससे अंतरराष्ट्रीय व्यापार और तेल सप्लाई पर बड़ा खतरा पैदा हो गया है। सुबोध/२३ -०४-२०२६