24-Apr-2026
...


- 3 सदस्य अब भी फरार धमतरी(ईएमएस)। जिले के आकाश गंगा कॉलोनी में हुई सनसनीखेज चोरी की वारदात में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। घटना के 74 दिन बाद पुलिस ने अंतरराज्यीय चोर गिरोह के एक आरोपी को मध्यप्रदेश से गिरफ्तार कर धमतरी लाया है। आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस टीम को 9 दिनों तक एमपी में अलग-अलग वेश बदलकर रहना पड़ा। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के कब्जे से चोरी में इस्तेमाल किए गए औजार पाना और पेचकस बरामद किए गए हैं। इस गिरोह के तीन अन्य सदस्य अभी फरार हैं, जिन्हें पकड़ने के लिए जल्द ही पुलिस टीम फिर मध्यप्रदेश रवाना होगी। जिस आकाश गंगा कॉलोनी में चोरी हुई, वहां मुख्यमंत्री के बेटी-दामाद का भी निवास है। इससे घटना की संवेदनशीलता और बढ़ गई थी। एएसपी शैलेन्द्र पांडेय और सीएसपी अभिषेक चतुर्वेदी ने बताया कि 7-8 फरवरी की रात कॉलोनी के फेज-1 और फेज-2 में चार सूने मकानों को निशाना बनाया गया। उस समय सभी परिवार बाहर थे, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। जांच के दौरान पुलिस ने टावर डंप, रूट एनालिसिस और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पाया कि यही गिरोह कोरबा (NTPC कॉलोनी) और अंबिकापुर में भी इसी तरह की चोरी कर चुका है। ऑल इंडिया पुलिस नेटवर्क में फोटो शेयर करने पर आरोपियों की पहचान मध्यप्रदेश के धार जिले के सक्रिय चोर गिरोह के रूप में हुई। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया जाएगा। सत्यप्रकाश(ईएमएस)24 अप्रैल 2026