-इंदिरा गांधी एयरपोर्ट में बड़ा विमान हादसा टला, रनवे पर मची अफरा-तफरी नई दिल्ली,(ईएमएस)। नई दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रविवार तड़के एक बड़ा विमान हादसा टल गया, जब दिल्ली से ज्यूरिख जा रही स्विस इंटरनेशनल एयरलाइंस (स्विस) की फ्लाइट एलएक्स147 के इंजन में अचानक खराबी आ गई और उसमें आग की लपटें दिखाई देने लगीं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पायलट ने तत्काल टेकऑफ रद्द कर दिया और विमान को रनवे पर ही रोक दिया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, एयरबस ए330 विमान रात करीब 1:08 बजे रनवे 28 पर टेकऑफ के लिए तेजी से दौड़ रहा था। इसी दौरान एक इंजन में तकनीकी खराबी आ गई, जिसके बाद आग लगने की आशंका पैदा हो गई। फ्लाइट ट्रैकिंग डेटा के मुताबिक, विमान लगभग 104 नॉट्स की रफ्तार तक पहुंच चुका था, लेकिन समय रहते निर्णय लेते हुए क्रू ने टेकऑफ रोक दिया। स्थिति को देखते हुए यात्रियों और क्रू मेंबर्स की सुरक्षा के लिए तुरंत इमरजेंसी इवेक्यूएशन का निर्णय लिया गया। यात्रियों को आपातकालीन स्लाइड के जरिए विमान से बाहर निकाला गया। इस दौरान अफरा-तफरी मच गई और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई, जिसमें छह यात्री घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फ्लाइट में कुल 228 यात्री, 4 शिशु और क्रू मेंबर्स सवार थे। राहत की बात यह रही कि क्रू मेंबर्स को कोई चोट नहीं आई। एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार, जब तक विमान को रनवे से हटाया नहीं गया, तब तक उड़ान संचालन प्रभावित रहा। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार एयरलाइन ने घटना पर बयान जारी करते हुए कहा कि प्रभावित यात्रियों के लिए होटल में ठहरने और आगे की यात्रा के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है। यात्रियों को संपर्क कार्ड भी प्रदान किए गए हैं ताकि उनसे लगातार संपर्क बनाए रखा जा सके। इसी के साथ ही स्विस ने इस घटना की जांच के आदेश देते हुए एक टास्क फोर्स गठित की है। हिदायत/ईएमएस 26अप्रैल26