- पानी-टैंकर घोटाले से लेकर सफाई तक उठाए सवाल धमतरी(ईएमएस)। जिले के नगर निगम में बुनियादी सुविधाओं की बदहाली को लेकर कांग्रेस पार्षदों ने जोरदार प्रदर्शन किया। पार्षदों ने नगर निगम परिसर में पोस्टर लेकर नारेबाजी की और पेयजल संकट, टैंकर पानी घोटाले समेत कई मुद्दों पर निगम प्रशासन को घेरा। नेता प्रतिपक्ष दीपक सोनकर और पार्षद वीशू देवांगन ने आरोप लगाया कि नगर निगम की स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि वह पानी, बिजली और सफाई जैसी मूलभूत सेवाएं भी ठीक से उपलब्ध नहीं करा पा रहा है। पार्षदों का कहना है कि शहर में महीनों से कई स्ट्रीट लाइट बंद पड़ी हैं, लेकिन उन्हें ठीक करने के लिए आवश्यक सामान तक उपलब्ध नहीं है। मोटर पंप के लिए केबल तक नहीं है, जिससे पानी सप्लाई प्रभावित हो रही है। हालात ऐसे हैं कि पार्षदों को खुद अपने खर्च से केबल वायर खरीदना पड़ रहा है। पार्षदों ने आरोप लगाया कि पानी टैंकर बुक कराने पर भी लोगों से डीजल के नाम पर पैसा मांगा जा रहा है, जो गंभीर अनियमितता की ओर इशारा करता है। पार्षद योगेश लाल, सुमन मेश्राम, पूर्व पार्षद राजेश पांडेय और सोमेश मेश्राम ने कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। निगम के पास झाड़ू तक खरीदने के लिए फंड नहीं है, जबकि कचरा ढोने वाले रिक्शा भी खराब पड़े हैं। जब अधिकारियों से इन समस्याओं के बारे में पूछा जाता है, तो वे फंड की कमी का हवाला देते हैं। पार्षदों का कहना है कि महापौर के कार्यकाल को डेढ़ साल हो चुके हैं, लेकिन हालात में कोई सुधार नहीं हुआ है। कांग्रेस पार्षदों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही व्यवस्थाओं में सुधार नहीं हुआ, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। सत्यप्रकाश(ईएमएस)24 अप्रैल 2026