24-Apr-2026
...


- सामाजिक सरोकार और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता कोरबा (ईएमएस) वैशाख महीने के दूसरे पखवाड़े में प्रवेश करते ही तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। तेज धूप और गर्म हवाओं ने जहां आम जनजीवन को प्रभावित किया है, वहीं इसके साथ ही कई नई चुनौतियां भी सामने आने लगी हैं। ऐसे में इंसानों ने अपनी जरूरतों के साथ-साथ पर्यावरण और जीव-जंतुओं के प्रति भी संवेदनशीलता दिखानी शुरू कर दी है। शहर और आसपास के क्षेत्रों में पक्षियों और पशुओं के लिए पानी और भोजन की व्यवस्था करने की पहल तेज हो गई है। लोगों द्वारा अपने घरों की छतों, आंगनों और खिड़कियों पर मिट्टी के बर्तन, पानी से भरे कटोरे और दाना रखा जा रहा है, ताकि गर्मी में पक्षियों को राहत मिल सके। इसके अलावा कई सामाजिक और स्वयंसेवी संस्थाओं ने भी इस दिशा में सराहनीय कदम उठाए हैं। व्यस्त बाजार क्षेत्रों, सार्वजनिक स्थलों, मंदिरों और चौराहों पर भी पानी के बर्तन और पशुओं के लिए चारा रखने की व्यवस्था की जा रही है। कुछ स्थानों पर विशेष रूप से मटके और टंकियां रखी गई हैं, जिनमें नियमित रूप से पानी भरा जा रहा है। राहगीर भी इन प्रयासों में सहयोग करते हुए पानी भरने और दाना डालने में अपनी भूमिका निभा रहे हैं। इन छोटे-छोटे प्रयासों के माध्यम से समाज में संवेदनशीलता और जिम्मेदारी का संदेश दिया जा रहा है। यह पहल न केवल पक्षियों और पशुओं के लिए राहत का कारण बन रही है, बल्कि लोगों के बीच सामाजिक सरोकार और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता भी बढ़ा रही है। 24 अप्रैल / मित्तल