24-Apr-2026
...


मुंबई, (ईएमएस)। मुंबई के के पश्चिमी उपनगर मलाड पश्चिम इलाके में एक निर्माणाधीन इमारत से गिरकर 30 वर्षीय मजदूर की मौत हो गई। यह घटना एवरशाइन नगर क्षेत्र में हुई, जिसके बाद पुलिस ने ठेकेदार समेत तीन लोगों के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान मनोज घुरहु गुप्ता के रूप में हुई है। वह अपनी शिफ्ट खत्म करने के बाद 20वीं मंजिल से नीचे उतरने के लिए लिफ्ट में सवार होने की कोशिश कर रहा था। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि साइट पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे और रोशनी भी ठीक नहीं थी। इसी वजह से वह संतुलन खो बैठा और लिफ्ट शाफ्ट तथा दीवार के बीच बने गैप में गिर गया। इस हादसे में उसे गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने ठेकेदार, साइट सुपरवाइजर और सेफ्टी सुपरवाइजर के खिलाफ लापरवाही का केस दर्ज किया है। आरोप है कि उन्होंने निर्माण स्थल पर जरूरी सुरक्षा उपाय उपलब्ध नहीं कराए। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। - २४ अप्रैल/२०२६/ईएमएस