ट्रेंडिंग
24-Apr-2026
...


कोलकाता,(ईएमएस)। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पर तीखा हमला कर दावा किया है कि राज्य विधानसभा चुनावों में जीतने के बाद दिल्ली को भी जीत लेंगी। एक रैली को संबोधित कर ममता ने कहा कि वह सभी विपक्षी दलों को एकजुट करके केंद्र में बीजेपी को खत्म कर देने वाले है। उन्होंने कहा कि मैंने उन सभी लोगों के नाम लिख लिए हैं जो बीजेपी के लिए दलाल का काम कर रहे हैं—ए से लेकर जेड तक, और उनके घरों की जगह भी देख ली है। आपको लगता है कि आप हम पर नज़र रख सकते हैं? आपने जिस भी व्यक्ति को पार्टी में शामिल किया है, उस बीजेपी में लाने से पहले उसके पारिवारिक पृष्ठभूमि की पूरी जाँच-पड़ताल की है, और अधिकारियों की नियुक्ति भी आपने उसी आधार पर की है। ममता ने कहा कि यह याद रखना, तुममें हमें हराने की काबिलियत नहीं है। हम अन्याय के खिलाफ लड़ते हैं, हम अपने अधिकारों के लिए लड़ते हैं। मेरा जन्म बंगाल में हुआ था, और मैं अपनी आखिरी सांस इसी बंगाल में लूंगी। मैं दिल्ली को जीतूंगी, इस बात का पूरा भरोसा रखना; एक बार जब मैं बंगाल में जीत हासिल कर लूंगी, तब मैं सभी राजनीतिक पार्टियों को एक साथ लाकर ऐसा करूंगी। मुझे सत्ता की कुर्सी का कोई लालच नहीं है; मेरी बस यही इच्छा है कि दिल्ली में बीजेपी को पूरी तरह से खत्म किया जाएं। बंगाल में उनका खत्म होना तय है ही, लेकिन बीजेपी को दिल्ली से भी बाहर निकालना होगा। इस बात को अपने दिमाग में अच्छी तरह बिठा ले। कोलकाता के अन्य निर्वाचन क्षेत्रों के साथ-साथ, चौरंगी सीट पर भी दूसरे चरण में 29 अप्रैल को चुनाव होने है। ममता ने एक रैली की, जिसमें उन्होंने बीजेपी के संतोष पाठक के खिलाफ टीएमसी की उम्मीदवार और दो बार की मौजूदा विधायक नयना बंदोपाध्याय के लिए वोट की अपील की। यह सीट टीएमसी का गढ़ मानी जाती है, जिस पर 2011 में पार्टी के गठन के बाद से ही उसका कब्जा रहा है। आशीष दुबे / 25 अप्रैल 2026