राज्य
24-Apr-2026
...


- भोपाल, जबलपुर-उज्जैन समेत 11 जिलों में लू का अलर्ट भोपाल (ईएमएस)। राजस्थान से आ रही गर्म हवा से मध्य प्रदेश में तपिश बढ़ गई है। भोपाल, जबलपुर, उज्जैन, नर्मदापुरम और सागर संभाग के शहरों में हीट वेव यानी लू जैसे हाल हैं। शनिवार को भी 11 जिलों में लू का अलर्ट है। नर्मदापुरम में स्कूलों की छुट्टी कर दी गई है। मौसम केंद्र भोपाल के अनुसार, जिन शहरों में लू चलने का अलर्ट है, उनमें निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, रायसेन, नर्मदापुरम, छिंदवाड़ा, सिवनी, रतलाम, झाबुआ, धार और अलीराजपुर शामिल हैं। भोपाल समेत कई शहरों में रात में तापमान 25 से 27 डिग्री के आसपास ही चल रहा है। नर्मदापुरम में न्यूनतम तापमान 27 डिग्री तक है। यहां आने वाले दिनों में वॉर्म नाइट की स्थिति भी बन सकती है। वॉर्म नाइट मौसम की एक ऐसी स्थिति है, जब रात का न्यूनतम तापमान सामान्य से काफी ज्यादा होता है। यानी न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.5 से 6.4 डिग्री तक अधिक हो। वहीं, दिन का अधिकतम तापमान 40 डिग्री या उससे अधिक रहा हो। यदि रात का तापमान सामान्य से 6.4 डिग्री से अधिक बढ़ जाए, तो इसे सीवियर वॉर्म नाइट कहा जाता है। प्रदेश में फिलहाल सीवियर वॉर्म नाइट की स्थिति नहीं है। - अप्रैल के आखिरी में बारिश के आसार मौसम विभाग की मानें तो अप्रैल के आखिरी में बारिश के भी आसार हैं। मौसम विभाग ने 27 अप्रैल को ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी और अनूपपुर में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई है। वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) की वजह से ऐसा होगा। उधर, गर्मी का असर बढ़ते ही मौसम विभाग ने बचाव की एडवायजरी भी जारी की है। लोगों से कहा गया है कि वे दिनभर पर्याप्त पानी पीएं और शरीर को हाइड्रेट रखें। दोपहर के समय लंबे समय तक धूप में न रहें। हल्के वजन और रंग के सूती कपड़े पहनें। बच्चे और बुजुर्ग खासतौर पर ध्यान रखें। - 24 अप्रैल 26