- तेज रफ्तार और ओवरटेक की कोशिश बनी काल, ईको कार और बाइक की आमने-सामने टक्कर से मचा कोहराम अहमदाबाद (ईएमएस)| जिले के विरमगाम-नलसरोवर रोड पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। यह हादसा उस समय हुआ जब एक ईको कार और बाइक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार बाइकर सवार तीन लोग लिखतर तालुका के कोलाला गांव से नभोई की ओर जा रहे थे। इसी दौरान एक पिकअप वैन चालक द्वारा ओवरटेक करने की कोशिश में बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी गई, जिससे यह भयावह दुर्घटना हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा इतना गंभीर था कि किसी के बचने की संभावना नहीं थी। दुर्घटना स्थल पर ही 30 से 35 वर्ष के एक पुरुष और एक महिला की मौत हो गई, जबकि एक मासूम बच्चे ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में कार को भी भारी नुकसान पहुंचा है। वहीं दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने स्थानीय लोगों के बयान दर्ज किए हैं और हादसे का मामला दर्ज कर लिया गया है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जिसके बाद उन्हें परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस ने मृतकों के परिजनों से संपर्क भी कर लिया है और आगे की जांच जारी है। सतीश/24 अप्रैल