:: 28 अप्रैल से छोटे पर्दे पर वापसी करेंगे लोकप्रिय अभिनेता; बोले- यह शो घर की उन असली सितारों को समर्पित है, जो ओझल रहती हैं :: मुम्बई (ईएमएस)। अपनी संजीदा अदाकारी और मोहक व्यक्तित्व से दर्शकों के दिलों पर राज करने वाले अभिनेता राजीव खंडेलवाल एक बार फिर छोटे पर्दे पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराने जा रहे हैं। आगामी 28 अप्रैल से सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन पर शुरू होने वाला उनका नया शो तुम हो ना – घर की सुपरस्टार न केवल मनोरंजन का एक माध्यम है, बल्कि अभिनेता के अनुसार यह उनके प्रशंसकों के प्रति आभार व्यक्त करने का एक भावनात्मक जरिया भी है। राजीव इस प्रोजेक्ट को अपने दिल के बेहद करीब मानते हैं क्योंकि यह उनके मौलिक विचारों और सामाजिक दृष्टिकोण को प्रतिबिंबित करता है। टेलीविजन पर अपनी वापसी को लेकर जारी चर्चाओं के बीच राजीव का मानना है कि वे इसे कमबैक नहीं मानते, क्योंकि वे निरंतर सिनेमा, ओटीटी और टीवी जैसे विभिन्न माध्यमों का हिस्सा रहे हैं। वे कहते हैं कि अलग-अलग मंचों पर काम करने की यही खूबसूरती है कि आप कुछ समय के लिए किसी एक माध्यम से दूर होते हैं और जब लौटते हैं, तो वह अनुभव घर वापसी जैसा सुखद होता है। उनके लिए यह नया शो उन तमाम लोगों को शुक्रिया कहने का एक तरीका है, जिन्होंने उनके सफर में उन्हें निरंतर प्यार और संबल प्रदान किया है। शो की वैचारिक पृष्ठभूमि पर प्रकाश डालते हुए राजीव ने इसे आधी आबादी के जज्बे को समर्पित बताया। उन्होंने कहा कि यह मंच उन महिलाओं को मेरी श्रद्धांजलि है जिन्होंने मुझे हमेशा खास होने का अहसास कराया। आज की महिला को किसी अतिरिक्त सहारे की जरूरत नहीं है, क्योंकि उसने खुद को हर क्षेत्र में श्रेष्ठ साबित किया है। यह शो उन महिलाओं की बहुआयामी भूमिका का जश्न मनाता है, जो घर की जिम्मेदारियों से लेकर कार्यक्षेत्र तक हर मोर्चे पर अपनी सक्षमता का परिचय देती हैं। कार्यक्रम के स्वरूप के बारे में बताते हुए अभिनेता ने स्पष्ट किया कि यह अन्य शोर-शराबे वाले रियलिटी शो से बिल्कुल अलग होगा। इसमें कोई कठिन प्रतिस्पर्धा के बजाय सरल और मनोरंजक खेल होंगे, जिनका मुख्य उद्देश्य खुशियाँ साझा करना है। राजीव के अनुसार, इस शो की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यह मशहूर हस्तियों के बजाय समाज की उन गुमनाम नायिकाओं पर केंद्रित है, जो पर्दे के पीछे रहकर परिवार और समाज को मजबूती देती हैं। यह मंच उन्हें सामने आकर अपनी पहचान बनाने और सम्मान पाने का अवसर प्रदान करेगा। यह शो 28 अप्रैल से प्रति सोमवार से शुक्रवार रात 9 बजे सोनी टेलीविजन और सोनी लिव पर प्रसारित किया जाएगा। प्रकाश/24 अप्रैल 2026