व्यापार
25-Apr-2026


नईदिल्ली (ईएमएस)। वित्त वर्ष 2026 में टाटा मोटर्स ने 6 लाख 31 हजार से अधिक गाड़ियों की बिक्री की। कंपनी ने 14 प्रतिशत की शानदार वृद्धि दर्ज कर एक बार फिर अपनी मजबूत मौजूदगी का एहसास कराया है। इस सफलता का श्रेय कंपनी की लोकप्रिय एसयूवी टाटा नेक्सन को जाता है, जिसने बिक्री के मामले में नया रिकॉर्ड बनाते हुए शीर्ष स्थान हासिल किया और टाटा की सबसे बड़ी ताकत बनकर उभरी। नेक्सन ने 32 प्रतिशत की सालाना वृद्धि के साथ कुल 2 लाख 16 हजार 54 इकाइयों की बिक्री दर्ज की, जो पिछले वित्त वर्ष के 1 लाख 63 हजार इकाइयों के मुकाबले काफी अधिक है। यह आंकड़ा दर्शाता है कि ग्राहकों के बीच इस मॉडल की लोकप्रियता तेजी से बढ़ रही है और यह अपने सेगमेंट में मजबूत पकड़ बनाए हुए है। बिक्री सूची में दूसरे स्थान पर टाटा पंच रही, जिसने 1 लाख 83 हजार 980 इकाइयों की बिक्री की, हालांकि इसमें करीब 6 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। तीसरे स्थान पर टाटा टियागो ने 20 प्रतिशत की सालाना वृद्धि के साथ 83 हजार से अधिक इकाइयां बेचीं, जो छोटे परिवारों और बजट ग्राहकों के बीच इसकी लगातार मांग का संकेत है। वहीं, चौथे स्थान पर टाटा अल्ट्रोज रही, जिसकी बिक्री में 8 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई और कुल 38 हजार से अधिक इकाइयां बिकीं। इस सूची में पांचवें स्थान पर टाटा हैरियर ने 74 प्रतिशत की शानदार वृद्धि के साथ 32 हजार से अधिक इकाइयों की बिक्री कर मजबूत प्रदर्शन दिखाया। इसके बाद टाटा सिएरा और टाटा कर्व का स्थान रहा, जबकि टाटा सफारी और टाटा टिगोर की बिक्री में क्रमशः 3 और 26 प्रतिशत की गिरावट देखी गई, जिससे इन सेगमेंट में बढ़ती प्रतिस्पर्धा का संकेत मिलता है। कुल मिलाकर, वित्त वर्ष 2026 में टाटा मोटर्स की सफलता में नेक्सन ने “सोने का अंडा देने वाली मुर्गी” की भूमिका निभाई है। सुदामा/ईएमएस 25 अप्रैल 2026