-इजराइली पीएम नेतन्याहू को था कैंसरयुक्त ट्यूमर, अब हैं पूरी तरह फिट और स्वस्थ यरूशलम,(ईएमएस)। इजराइल के पीएम बेंजामिन नेतन्याहू ने अपनी सालाना मेडिकल रिपोर्ट सार्वजनिक कर पूरी दुनिया को चौंका दिया है। हमेशा युद्ध और कूटनीति के केंद्र में रहने वाले नेतन्याहू ने खुलासा किया कि पिछले कुछ समय से वे एक गुप्त स्वास्थ्य चुनौती से जूझ रहे थे, लेकिन अब वे पूरी तरह स्वस्थ हैं। 76 साल की उम्र में भी उनकी फिटनेस और काम के प्रति जज्बे ने विशेषज्ञों को हैरान कर दिया है। मेडिकल रिपोर्ट के मुताबिक कुछ समय पहले उनके प्रोस्टेट में एक छोटा सा स्पॉट था। डॉक्टरों ने जांच के बाद पुष्टि की कि यह शुरुआती स्टेज का एक कैंसरयुक्त ट्यूमर था। डॉक्टरों का कहना था कि नेतन्याहू की उम्र में इस तरह के स्पॉट मिलना एक आम बात है। उनके पास दो रास्ते थे। इसे समय-समय पर मॉनिटर किया जाए और कुछ न किया जाए यानी तुरंत इलाज करके उसे जड़ से खत्म कर दिया जाए। नेतन्याहू ने अपनी हेल्थ अपडेट शेयर करते हुए कहा कि ‘जब मुझे किसी खतरे की जानकारी समय पर मिलती है तो मैं उसे तुरंत खत्म करना चाहता हूं, चाहे वह देश से जुड़ा मामला हो या मेरी निजी जिंदगी से। मैंने अपनी बीमारी के साथ भी वही किया। नेतन्याहू को जब इसका पता चला तो उन्होंने बिना देरी किए टारगेटेड ट्रीटमेंट शुरू कर दिया। अब वह ट्यूमर पूरी तरह खत्म हो चुका है और वे पूरी तरह से कैंसर मुक्त हैं। नेतन्याहू ने इजराइल के नागरिकों से भावुक अपील भी की। उन्होंने कहा कि समय पर जांच ही जान बचा सकती है। उन्होंने लोगों से डॉक्टरों की सलाह मानने और अपनी सेहत को प्राथमिकता देने को कहा। इसके साथ ही उन्होंने जंग में घायल हुए इजराइली सैनिकों और नागरिकों के जल्द ठीक होने की दुआ भी मांगी। सिराज/ईएमएस 26 अप्रैल 2026