राज्य
27-Apr-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट आफ इंडिया (एफटीआइआइ) पुणे की प्रवेश परीक्षा के दौरान पेपर लीक का आरोप लगाते हुए परीक्षार्थियों ने जमकर हंगामा किया। रोहिणी के बेगमपुर स्थित निजी स्कूल में रविवार को प्रवेश परीक्षा में उस समय खलल पड़ पड़ गया, जब परीक्षार्थियों ने पेपर लीक, प्रश्न-पत्रों के पैकेट पर सील न होने और कुप्रबंधन के आरोप लगाए। बताया जा रहा है कि परीक्षार्थियों के आरोप के बाद प्रवेश परीक्षा रद कर दी गई है। उधर, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद दिल्ली विश्वविद्यालय दिल्ली ने प्रवेश परीक्षा में गंभीर अनियमितताओं, संभावित प्रश्नपत्र लीक तथा व्यापक कुप्रबंधन की घटना की घोर निंदा की है और पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। पहले चरण की प्रवेश परीक्षा के दौरान बेगमपुर स्थित परीक्षा केंद्र पर रविवार को विद्यार्थीयों ने हंगामा किया। परीक्षार्थियों ने प्रश्नपत्रों के पैकेट खुले पाए जाने, प्रश्नपत्रों की संख्या में कमी, समय पर परीक्षा शुरू न होने, बायोमेट्रिक सत्यापन में तकनीकी खामी के भी आरोप लगाए। विद्यार्थी परिषद के प्रांत मंत्री सार्थक शर्मा ने कहा कि प्रशासन द्वारा इस लिक पेपर में लिप्त दोषी सभी अधिकारियों एवं संबंधित एजेंसियों पर कठोर कार्रवाई की जाए। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय तथा एफटीआइआइ प्रशासन से मांग करती है कि इस पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच तत्काल कराई जाए, प्रश्नपत्र लीक की आशंका की स्वतंत्र एजेंसी से जांच हो, दोषी अधिकारियों एवं संबंधित एजेंसियों पर कठोर कार्रवाई की जाए तथा प्रभावित छात्रों के हितों को ध्यान में रखते हुए पुनः परीक्षा की तिथि शीघ्र घोषित की जाए, साथ ही बाहर से आए छात्रों को हुए आर्थिक एवं व्यवस्थागत नुकसान की भरपाई सुनिश्चित की जाए। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ ईएमएस/27/अप्रैल /2026