क्षेत्रीय
27-Apr-2026


गया, (ईएमएस)। बिहार के गया जिले में बोधिबिगहा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मोटरसाइकिल चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने चोरी की दो मोटरसाइकिल के साथ पांच शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार, बोधिबिगहा थाना क्षेत्र में वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस ने संदिग्ध स्थिति में कुछ युवकों को रोका। पूछताछ और जांच के क्रम में उनके पास मौजूद दो मोटरसाइकिल चोरी की पाई गईं। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मौके से ही पांचों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने वाहन चोरी में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस अब उनसे गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी की अन्य वारदातों के बारे में जानकारी जुटा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस गिरोह के तार अन्य जिलों से भी जुड़े हो सकते हैं, जिसकी जांच की जा रही है। साथ ही, बरामद मोटरसाइकिल के असली मालिकों की पहचान कर उन्हें वाहन सौंपने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। संतोष झा- २७ अप्रैल/२०२६/ईएमएस