क्षेत्रीय
27-Apr-2026


पटना, (ईएमएस)। पटना में वांछित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बिहार एसटीएफ और पटना जिला पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त कार्रवाई में एक कुख्यात अपराधी को गिरफ्तार किया गया है, जिस पर हत्या, रंगदारी और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर मामले दर्ज थे। पुलिस के अनुसार, एसटीएफ और पटना पुलिस की टीम ने पीरबहोर थाना क्षेत्र में छापेमारी कर मो० तौसीफ उर्फ धर्मेंद्र उर्फ रोहित को गिरफ्तार किया। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और पुलिस को उसकी तलाश थी। गिरफ्तार अपराधी के खिलाफ पटना जिले के विभिन्न थानों में हत्या, रंगदारी और आर्म्स एक्ट सहित कुल 7 मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस को उसके क्षेत्र में सक्रिय आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने की जानकारी भी मिल रही थी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार तकनीकी निगरानी और खुफिया जानकारी जुटाई जा रही थी। सटीक सूचना मिलने के बाद टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे दबोच लिया। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है, ताकि उसके नेटवर्क और अन्य सहयोगियों के बारे में जानकारी हासिल की जा सके। संतोष झा- २७ अप्रैल/२०२६/ईएमएस