पटना, (ईएमएस)। बिहार में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए बिहार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई शुरू की है। राज्य के विभिन्न जिलों में फरार अपराधियों के खिलाफ व्यापक स्तर पर कुर्की अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर चल रहे आरोपियों पर दबाव बनाना और उन्हें आत्मसमर्पण के लिए मजबूर करना है। पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, यह अभियान उन अपराधियों के खिलाफ केंद्रित है जो हत्या, हर्ष फायरिंग, शराब तस्करी, भू-माफिया गतिविधियों, आर्म्स एक्ट और बलात्कार जैसे गंभीर मामलों में वांछित हैं। ऐसे सभी आरोपियों के घरों पर कुर्की की कार्रवाई की जा रही है, जिसमें उनकी संपत्ति जब्त की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि लगातार बढ़ते अपराधों पर लगाम लगाने और अपराधियों में कानून का डर पैदा करने के लिए यह कदम उठाया गया है। कुर्की की कार्रवाई के दौरान पुलिस बल के साथ प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहते हैं, ताकि पूरी प्रक्रिया कानूनी रूप से पारदर्शी और निष्पक्ष बनी रहे। पुलिस का मानना है कि इस सख्त अभियान से अपराधियों के बीच भय का माहौल बनेगा और वे जल्द ही सरेंडर करने को मजबूर होंगे। साथ ही आम जनता में सुरक्षा की भावना भी मजबूत होगी। बिहार पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और किसी भी सूरत में अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा। संतोष झा- २७ अप्रैल/२०२६/ईएमएस