27-Apr-2026
...


- बनारस-हडपसर के बीच चलेगी नई अमृत भारत एक्सप्रेस भोपाल (ईएमएस)। यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के लिए बनारस से हडपसर के बीच नई अमृत भारत एक्सप्रेस शुरू की जा रही है। गाड़ी संख्या 02531 का उद्घाटन विशेष फेरा 28 अप्रैल से शाम 4:45 बजे बनारस से रवाना होगा। यह ट्रेन आधुनिक 22 कोच वाले अमृत भारत रेक के साथ चलेगी, जिससे यात्रियों को आरामदायक यात्रा का अनुभव मिलेगा। इस ट्रेन का खास फायदा भोपाल मंडल के यात्रियों को मिलेगा, क्योंकि यह बीना, रानी कमलापति, नर्मदापुरम, इटारसी और हरदा जैसे प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी। इससे भोपाल और आसपास के लोगों को उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र की ओर जाने के लिए एक नया और बेहतर विकल्प मिलेगा। ट्रेन की समय-सारणी और रूट का विवरण समय की बात करें तो ट्रेन बीना सुबह 5:15 बजे, रानी कमलापति 7:35 बजे, नर्मदापुरम 8:50 बजे, इटारसी 9:25 बजे और हरदा 10:20 बजे पहुंचेगी। इसके बाद यह खंडवा, भुसावल, जलगांव, मनमाड होते हुए अगले दिन रात 12:55 बजे हडपसर पहुंचेगी। कनेक्टिविटी की दिशा में बड़ी सुविधा रेलवे के अनुसार अभी यह उद्घाटन स्पेशल फेरा है, नियमित संचालन की जानकारी अलग से दी जाएगी। कुल मिलाकर यह ट्रेन भोपाल मंडल के यात्रियों के लिए तेज, आरामदायक और सीधी कनेक्टिविटी देने वाली एक बड़ी सुविधा साबित होगी। विनोद / 27 अप्रैल 26