क्षेत्रीय
27-Apr-2026
...


- भाई-बहन के बीच हुआ था विवाद, भाई बाहर गया बहन ने कर ली आत्महत्या भोपाल(ईएमएस)। शहर के कोलार थाना इलाके में स्थित चूनाभट्टी क्षेत्र में नौवीं कक्षा की छात्रा द्वारा फांसी लगाकर खुदकुशी किये जाने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। बताया गया है की हादसे से पहले कूलर के सामने सोने की बात को लेकर भाई-बहन के बीच विवाद हुआ था। थोड़ी देर बाद भाई घर से बाहर चला गया वहीं गुस्साई नाबालिग ने फांसी लगा ली। थाना पुलिस के अनुसार 14 साल की आशी चौधरी प्रायवेट स्कूल से कक्षा नौवीं की पढ़ाई कर रही थी। उसके पिता का पूर्व में देहांत हो चुका है, उसकी मां 10 नंबर स्थित एक बुटीक पर काम करती है। परिवार में आशी का 18 वर्षीय भाई है। रविवार को मॉ के काम पर जाने के बाद घर में आशी और उसका भाई मौजूद थे। बताया गया है कि शाम करीब 4 बजे दोनों भाई-बहन कूलर के सामने सो रहे थे। इसी दौरान कूलर के पास सोने को लेकर दोनों के बीच मामूली कहासुनी हो गई। विवाद के बाद भाई बाल कटवाने के लिए घर से बाहर चला गया। करीब दो घंटे बाद जब वह वापस घर आया तो उसे बहन का शरीर कमरे में फांसी के फंदे पर लटका नजर आया। घबराए भाई ने फौरन ही पड़ोसियो को हादसे की सूचना दी, जिसके बाद पुलिस को खबर दी गई। मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल की छानबीन के बाद मर्ग कायम कर शव को पीएम के लिए भेज दिया। जांच के दौरान पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट या अन्य ऐसा सुराग नहीं मिला जिससे खुदकुशी का कारण साफ हो सके। जॉच टीम का कहना है कि शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि भाई-बहन के बीच कूलर के सामने सोने को लेकर सामान्य विवाद हुआ था। आगे की जॉच में पुलिस परिजनों के डिटेल बयान दर्ज करेगी जिसके बाद ही आत्महत्या का सही कारण साफ हो सकेगा। जुनेद / 27 अप्रैल