भोपाल(ईएमएस)। राजधानी के मिसरोद इलाके में रहकर यूपीएससी की तैयारी कर रहे छात्र से क्रिप्टो करेंसी में इंवेस्ट के नाम पर 53 लाख रुपये से अधिक की ठगी किये जाने का मामला सामने आया है। शातिर ठगो ने उसे निवेश की गई रकम पर 10 प्रतिशत प्रॉफिट का लालच दिया था। थाना पुलिस के अनुसार भगवान परिसर निवासी प्रखर दुबे (25) ने लिखित शिकायती आवेदन देते हुए बताया की वह मूल रूप से नरसिंहपुर जिले के ग्राम हीरापुर भठेरा का रहने वाला हैं। फिलहाल वह भोपाल में रहकर यूपीएससी की तैयारी कर रहा हैं। बीते साल 28 अक्टूबर 25 को उन्हें एक ऑनलाइन साइट के जरिये क्रिप्टो करेंसी में निवेश की जानकारी मिली। एड में निवेश से जुड़े आकर्षक ऑफर देख उन्होनें बताए गए प्लेटफॉर्म डीमैट अकाउंट खुलवाया। इसके बाद शातिरो ने मैसेज और ऑनलाइन के जरिये उन्हें निवेश करने पर मोटा मुनाफा होने का झांसा देते हुए रकम इंवेस्ट करने के लिए प्रेरित किया। शुरुआत में वेबसाइट पर कम रकक का निवेश करने पर उन्हें मुनाफा दिखाया गया। इससे प्रखर को उस पर विश्वास हो गया। और भरोसे में आकर उन्होंने 21 नवंबर 25 तक अलग-अलग समय पर आरटीजीएस और ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के जरिए कुल 53 लाख 10 हजार की रकम जमा कर दी। बड़ी रकम जमा होने के बाद अचानक कंपनी की वेबसाइट बंद हो गई और जालसाजों ने उससे संपर्क करना भी बंद कर दिया। इसके बाद छात्र को अपने साथ सायबर ठगी का अहसास हुआ। जॉच के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियो के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस बैंक खातों और डिजिटल ट्रांजेक्शन की जांच के आधार पर आरोपियो तक पहुचनें का प्रयास कर रही है। जुनेद / 27 अप्रैल