27-Apr-2026
...


मुंबई, (ईएमएस)। मुंबई के मरीन ड्राइव इलाके में सोमवार तड़के हुए एक भीषण सड़क हादसे में एक बुजुर्ग सहित तीन लोगों की मौत हो गई। यह हादसा सुबह करीब 5.40 बजे उस समय हुआ, जब एक बुजुर्ग व्यक्ति मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। पुलिस के अनुसार, गिरगांव निवासी एक वरिष्ठ नागरिक रोज की तरह मरीन ड्राइव पर टहलने आए थे। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही दो बाइकों ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक सवार एक युवक और एक युवती भी सड़क पर जा गिरे और बाइक के कई हिस्से टूटकर बिखर गए। घटना की सूचना मिलते ही मरीन ड्राइव पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को जीटी अस्पताल में भर्ती कराया गया। लेकिन इलाज से पहले ही तीनों की मौत हो गई। पुलिस उपायुक्त (जोन 1) प्रवीण मुंडे ने बताया कि एनएस रोड उत्तर दिशा में पारसी गेट के सामने एक बाइक सवार अपनी पीछे बैठी महिला के साथ तेज गति में जा रहा था। इसी दौरान सिग्नल पार कर रहे एक पैदल यात्री को टक्कर लग गई, जिससे यह हादसा हुआ। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि दोनों बाइक तेज रफ्तार में थीं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या बाइक सवारों के बीच रेस चल रही थी या वे देर रात घूमकर लौट रहे थे। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और दुर्घटनाग्रस्त बाइकों की जांच कर रही है, ताकि हादसे के सही कारणों का पता लगाया जा सके। बहरहाल इस दर्दनाक हादसे के बाद मरीन ड्राइव क्षेत्र में पैदल चलने वालों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों ने तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। - २७ अप्रैल/२०२६/ईएमएस