श्योपुर ( ईएमएस ) | मध्य प्रदेश शासन द्वारा नागरिकों को सरल, पारदर्शी एवं त्वरित सेवाएं उपलब्ध कराने हेतु एमपी ई-सेवा पोर्टल एवं मोबाइल एप की सुविधा प्रदान की गई है। यह शासन की एक महत्वपूर्ण डिजिटल पहल है, जिसके माध्यम से विभिन्न विभागों की समस्त नागरिक-केंद्रित सेवाएं अब एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध हैं। ई-सेवा पोर्टल के माध्यम से नागरिक घर बैठे ही विभिन्न शासकीय सेवाओं का लाभ ले सकते हैं। इसमें सुविधा सेवाएं, प्रमाणपत्र, लाइसेंस एवं कर, राजस्व, कृषि एवं ग्रामीण विकास, पेंशन एवं लाभ, सामाजिक कल्याण एवं सशक्तिकरण, शिक्षा, शहरीकरण, आवास एवं पर्यावरण, ऊर्जा, परिवहन, व्यवसाय, निवेश, स्वास्थ्य, न्याय एवं शिकायत, पर्यटन, युवा एवं खेल, रोजगार, उद्यमिता एवं कौशल से संबंधित सेवाएं सम्मिलित हैं। पोर्टल की प्रमुख सुविधाओं में शासकीय योजनाओं की पात्रता जांच, ऑनलाइन आवेदन, रीयल-टाइम आवेदन ट्रैकिंग, डिजिटल प्रमाणपत्र डाउनलोड, समग्र इंटीग्रेशन, समग्र प्रोफाइल के आधार पर पूर्व-भरा हुआ आवेदन फॉर्म, सिंगल साइन-ऑन (एसएसओ) तथा इंटीग्रेटेड पेमेंट गेटवे शामिल हैं। इसके अतिरिक्त महत्वपूर्ण हेल्पलाइन सुविधा भी उपलब्ध है। एमपी ई-सेवा पोर्टल www.eseva.mp.gov.in पर तथा एंड्रॉइड एवं आईओएस मोबाइल एप के रूप में उपलब्ध है। नागरिकों से अपील है कि अधिक से अधिक संख्या में इस डिजिटल सुविधा का उपयोग कर शासकीय सेवाओं का लाभ उठाएं। एमपी ई-सेवा पोर्टल पर 50 से अधिक विभागों की 1700 से ज्यादा सेवाएं उपलब्ध है, जिनका लाभ घर बैठे प्राप्त किया जा सकता है। एमपी ई-सेवा पोर्टल एवं मोबाइल ऐप का उपयोग कर डिजिटल सेवाओं का लाभ उठा सकते है।