राज्य
27-Apr-2026
...


मुंबई, (ईएमएस)। बीते कुछ महीनों से मुंबई में साइबर अपराध के मामलों में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। अब साइबर ठग सुशिक्षित और तकनीकी जानकारी रखने वाले लोगों को भी निशाना बना रहे हैं। ऐसा ही एक चौंकाने वाला मामला सांताक्रूज़ इलाके से सामने आया है, जहां 70 वर्षीय एक रिटायर्ड आईटी प्रोफेशनल को ठगों ने 2.5 लाख रुपये का चूना लगा दिया। इस मामले में वांद्रे स्थित साइबर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज की गई है और पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है। पीड़ित द्वारा पुलिस को दी गई जानकारी के अनुसार, उन्होंने 3 अप्रैल को अपने बिजली कनेक्शन में नाम बदलने के लिए टाटा पावर में आवेदन किया था। 6 अप्रैल को उन्हें नाम बदलने की प्रक्रिया पूरी होने का आधिकारिक संदेश भी मिला। इसके बाद 14 अप्रैल को उन्हें एक अज्ञात व्यक्ति का व्हाट्सऐप कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को टाटा पावर का अधिकारी बताया और कहा कि नए नाम के अपडेट के लिए ई-केवायसी प्रक्रिया पूरी करना जरूरी है। ठग के पास पीड़ित का कंज्यूमर नंबर और घर का पता जैसी निजी जानकारी पहले से मौजूद थी। इससे पीड़ित को उस पर विश्वास हो गया और उन्होंने बिना शक किए उसकी बात मान ली। आरोपी ने पीड़ित को एक लिंक भेजकर एक नकली एपीके फाइल डाउनलोड करने के लिए कहा। जैसे ही पीड़ित ने फाइल इंस्टॉल की, ठग ने उनके मोबाइल का एक्सेस हासिल कर लिया। इसके बाद आरोपी ने न केवल बैंक खाते से पैसे निकाल लिए, बल्कि पीड़ित के नाम पर तुरंत लोन भी मंजूर करवा लिया। इस तरह कुल 2.5 लाख रुपये की ठगी की गई। पुलिस जांच में सामने आया है कि ठगी की रकम का बड़ा हिस्सा आरोपी ने अपने क्रेडिट कार्ड का बिल भरने में इस्तेमाल किया। बहरहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। - २७ अप्रैल/२०२६/ईएमएस