राष्ट्रीय
27-Apr-2026
...


-मौसम का अचानक बदला मिजाज, बीकानेर-गंगानगर में बारिश-ओले -जयपुर में गर्मी से राहत के उपाय जयपुर,(ईएमएस)। राजस्थान में भीषण गर्मी के बीच सोमवार को मौसम ने अचानक करवट बदल ली। इसके चलते बीकानेर और गंगानगर के कई इलाकों में बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई, जिससे लोगों को गर्मी कुछ समय के लिए ही सही राहत भी मिल गई। गंगानगर के अनूपगढ़ क्षेत्र में तेज आंधी के बाद बारिश दर्ज की गई। जानकारी अनुसार राजस्थान के कुछ जगहों पर सोमवार को अचानक मौसम का मिजाज बदला, लेकिन राजधानी जयपुर में तेज धूप और गर्मी से लोग बेहाल रहे। राहत देने के लिए नगर निगम ने सड़कों पर वाटर फॉगर मशीन से पानी की फुहारें छोड़ीं। सीकर में बाजारों को टेंट से कवर कर धूप से बचाव के उपाय किए गए। इधर बाड़मेर में तापमान 46 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, जो सीजन का सबसे अधिक रहा। कोटा और जोधपुर में भी पारा रिकॉर्ड स्तर के करीब पहुंच गया है। राजस्थान के बीकानेर और गंगानगर के अनेक क्षेत्रों में जरुर बारिश के साथ ओले गिरने की खबर है। बारिश व ओलावृष्टि के कारण लोगों को गर्मी से राहत मिली है। गंगानगर के अनूपगढ़ क्षेत्र में तेज आंधी के बाद बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने पांच जिलों में आंधी-बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है, साथ ही दिन और रात में हीटवेव की चेतावनी भी दी है। हिदायत/ईएमएस 27अप्रैल26