बवानीखेड़ा से हांसी जा रही थी बस, टायर फटने से हुआ हादसा बवानीखेड़ा,(ईएमएस)। हरियाणा के बवानीखेड़ा क्षेत्र में सवारियों से भरी एक प्राइवेट बस में अचानक आग लग गई जिसमें दो यात्रियों की मौत हो गई और कई यात्री झुलस गए। बस बवानीखेड़ा से हांसी जा रही थी और गांव मिल्कपुर के पास हादसे का शिकार हो गई। बताया जा रहा है कि बस में करीब 20 यात्री सवार थे। अचानक लगी आग ने कुछ ही मिनटों में पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे बस जलकर पूरी राख हो गई। मीडिया रिपोर्ट में शुरुआती जानकारी के मुताबिक इस हादसे में दो लोगों की मौत की सूचना है, जबकि आधा दर्जन के करीब लोग घायल हुए हैं। घायलों को तुरंत अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। जानकारी के मुताबिक दो घायलों का इलाज हांसी के नागरिक अस्पताल में चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य में जुट गई। शुरूआती जांच में सामने आया है कि बस का टायर फटने के बाद वह डीजल टंकी से टकरा गया, जिससे आग लग गई। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच अभी चल रही है। बवानीखेड़ा पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। सिराज/ईएमएस 28अप्रैल26 ---------------------------------