राष्ट्रीय
29-Apr-2026


-धौलपुर में गर्मी के चलते ट्रेन कोच के निचले हिस्से में लगी आग जयपुर,(ईएमएस)। राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से मौसम का मिजाज बदल गया है। बुधवार को 15 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। जयपुर, दौसा, अलवर में सुबह हल्की बरसात हुई। दौसा में ओले भी गिरे। वहीं, धौलपुर में गर्मी के कारण ट्रेन कोच के निचले हिस्से में आग लग गई। आग ब्रेक पैडल वाले हिस्से लगी थी, जिसे कुछ देर बाद बुझा दिया गया। आशंका है कि आग गर्मी के कारण लगी थी। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक बीते 24 घंटे में बदले मौसम के कारण कई शहरों का तापमान 5 डिग्री तक गिर गया। मौसम विभाग ने अगले एक सप्ताह में दिन में तेज धूप रहने, दोपहर बाद आंधी और कहीं-कहीं हल्की बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। मई की शुरुआत में भी तेज गर्मी पड़ने की आशंका जताई है। धौलपुर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन कोच के निचले हिस्से में आग की लपटों के कारण कुछ देर के लिए दहशत फैल गई। हालांकि, आग को कुछ मिनटों में ही बुझा दिया गया। धौलपुर रेलवे स्टेशन पर दुर्ग से लुधियाना जा रही ट्रेन (15549) के एक जनरल कोच के निचले हिस्से में आग लग गई। रेलवे के सूत्रों के अनुसार आग गर्मी के कारण ब्रेक पैडल वाले हिस्से में लगी थी। कुछ मिनटों बाद ही आग को बुझा लिया गया। रिपोर्ट के मुताबिक जयपुर में सुबह हवा के साथ बूंदाबांदी हुई। देर रात से घने बादल छाने के कारण गर्मी कुछ कम हुई है। जयपुर के साथ अलवर, दौसा जिले के भी अधिकतर एरिया में सुबह से रुक-रुककर बारिश हो रही है। ओले भी गिरे। पश्चिमी हवाएं कमजोर होने और पूर्वी हवाओं का प्रभाव बढ़ने से राज्य में मंगलवार को तापमान में गिरावट आई। जैसलमेर, चूरू, नागौर, हनुमानगढ़, बाड़मेर, पिलानी, फतेहपुर, दौसा में तापमान 5 डिग्री तक गिर गया। राज्य के दक्षिण पश्चिमी भागों में हीटवेव का दौर जारी है। दूसरे हिस्सों में अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस गिरावट होने और हीटवेव से आंशिक राहत मिल सकती है। आगामी 3-4 दिन आंधी और कहीं-कहीं हल्की बारिश भी हो सकती है। मई के पहले सप्ताह में कहीं-कहीं लू चल सकती है। सिराज/ईएमएस 29अप्रैल26