राष्ट्रीय
29-Apr-2026


-खबर लगते ही प्रशासन और पुलिस ने की कार्रवाई, रुकवाया बाल विवाह जयपुर,(ईएमएस)। जयपुर के जमवारामगढ़ क्षेत्र में मंगलवार देर रात 5 और 8 साल की दो बच्चियों के बाल विवाह को रुकवाया। दोनों का 9 और 11 साल के लड़कों के साथ बाल विवाह होना था। परिजनों को शादी रुकने का डर था। ऐसे में एक दिन पहले ही फेरे कराने की तैयारी कर ली थी। मामले की सूचना मिलते ही जिला विधिक सेवा प्राधिकरण और जिला प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और परिवार को शादी न करवाने के लिए सख्त हिदायत दी। जमवारामगढ़ न्यायिक अधिकारी के अवकाश पर होने के चलते लिंक मजिस्ट्रेट हुमा कौहरी ने रात में ही अपने निवास पर ही बाल विवाह निषेधाज्ञा आदेश पारित किया। इसके बाद देर रात टीम जयपुर से सरजौली पहुंची और माता-पिता को समझाइश देकर शादी रुकवाई। इस दौरान मौके पर प्रशासन, पुलिस और बाल संरक्षण इकाइयों की संयुक्त टीम भी मौजूद थी। बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए दोनों शादियों को रूकवाया गया। कार्रवाई के बाद दोनों नाबालिग बच्चियों को चाइल्ड वेलफेयर कमेटी को सौंपा। कोर्ट के आदेशानुसार अब वे बालिका गृह में सुरक्षित रहेंगी। प्रशासन ने दोनों पक्षों को नोटिस जारी कर चेतावनी दी है कि दोबारा शादी का प्रयास किया तो उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सिराज/ईएमएस 29अप्रैल26