सागर (ईएमएस)। कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल एवं उपसंचालक कृषि के निर्देशन तथा अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) बंडा के मार्गदर्शन में श्री यू एस. अहिरवार वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी एवं नोडल अधिकारी की टीम ने विकासखंड बंडा के अंतर्गत संचालित सभी चना एवं मसूर उपार्जन केंद्रों का सघन निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्रों पर किसानों के लिए उपलब्ध सुविधाओं, तौल व्यवस्था, भंडारण व्यवस्था तथा खरीदी प्रक्रिया का जायजा लिया। श्री अहिरवार ने समिति प्रभारियों को शासन द्वारा निर्धारित मापदंडों के अनुसार ही उपज खरीदी करने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों की उपज का पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से उपार्जन सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।निरीक्षण के दौरान उन्होंने किसानों के बैठने हेतु छाया की समुचित व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, साफ-सफाई तथा आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। साथ ही उपज की गुणवत्ता परीक्षण, नमी माप, तौल कांटे की शुद्धता एवं रिकॉर्ड संधारण पर विशेष ध्यान देने को कहा। श्री अहिरवार ने कहा कि किसानों की सुविधा सर्वाेच्च प्राथमिकता है और उपार्जन केंद्रों पर किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नही की जाएगी। निखिल सोधिया/ईएमएस/29/04/2026