- मझौली थानांतर्गत इंद्राना का मामला, हत्या का अंदेशा जबलपुर (ईएमएस)। जबलपुर जिला मुख्यालय से लगभग 30 किमी दूर मझौली थानांतर्गत इंद्राना बगियाना मोहल्ला में रहने वाले युवक तुलसी कोल की अज्ञात लोगों ने धारदार हथियारों से हमला कर हत्या कर दी। तुलसी कोल कल बुधवार की रात अपने घर से टहलने के लिए निकला था परंतु वापस घर नहीं लौटा। गुरुवार सुबह उसका रक्त रंजित शव पाया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरु कर दी है। इस संबंध में थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मझौली इंद्राना के बगियाना मोहल्ला का निवासी तुलसी उर्फ भूरा कोल बीती रात 8 बजे के लगभग खाना खाकर टहलने के लिए घर से निकल कर था। जब वह यज्ञशाला के पास पहुंचा तभी अज्ञात तत्वों ने धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी। देर रात तक तुलसी के घर न पहुंचने पर परिजनों ने अपने स्तर पर तुलसी की तलाश की लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। आज गुरुवार सुबह 8 बजे के लगभग गांव के लोग यज्ञशाला के पास पहुंचे तो देखा कि तुलसी खून से लथपथ हालत में पड़े है, जिनके चेहरे व पैरों में चोट के निशान मिले । तुलसी की लाश मिलने की सूचना पर पहुंची पुलिस को पूछताछ में पत्नी खिलौनाबाई ने बताया कि पति तुलसी उर्फ भूरा कोल की गांव में किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। पुलिस ने पूछताछ के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए शासकीय अस्पताल पहुंचाकर मर्ग कायम कर लिया है। पुलिस का कहना है कि पीएम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्यवाही की जाएगी। अजय पाठक / मोनिका / 30 अप्रैल 2026/ 03.32