अंतर्राष्ट्रीय
30-Apr-2026


-यूनिवर्सिटी, रिसर्च, पब्लिक सेफ्टी एजेंसियों को लेनी होगी इस्तेमाल की अनुमति बीजिंग,(ईएमएस)। चीन की राजधानी बीजिंग में अब ड्रोन न तो उड़ा सकेंगे और न ही खरीद सकेंगे। शहर प्रशासन ने बड़ा फैसला लेते हुए 1 मई से पूरे बीजिंग में ड्रोन की बिक्री और उड़ान पर पूरी तरह रोक लगाने का ऐलान किया है। मार्च के आखिर में पारित नए नियमों के तहत अब शहर की सीमा के अंदर न तो ड्रोन बेचे जा सकेंगे और न ही बिना अनुमति उड़ाए जा सकेंगे। इससे पहले भी बीजिंग में ड्रोन उड़ाने पर कड़े प्रतिबंध लागू थे, लेकिन अब इसे और सख्त कर दिया गया है। इस फैसले का असर बाजार में दिखने भी लगा है। चीन के बड़े ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर अगर कोई यूजर बीजिंग का पता डालकर ड्रोन खरीदने की कोशिश करता है, तो वह ऑर्डर पूरा ही नहीं कर पाएगा। वहीं, इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनी डीजेआई के स्टोर कर्मचारी ने मीडिया को बताया कि उन्हें गुरुवार तक स्टॉक में मौजूद सभी ड्रोन हटाने के निर्देश दिए गए हैं। सरकार ने कुछ खास मामलों में छूट दी है, लेकिन यूनिवर्सिटी, रिसर्च संस्थान और पब्लिक सेफ्टी एजेंसियों को भी ड्रोन इस्तेमाल करने से पहले पुलिस से अनुमति लेनी होगी। अगर कोई आम नागरिक नियम तोड़ता है, तो उस पर 500 युआन यानी करीब 73 डॉलर का जुर्माना लगाया जा सकता है और ड्रोन भी जब्त किया जा सकता है। चीन में ड्रोन उड़ाने के लिए पहले से ही सख्त नियम लागू हैं। हर यूजर को अपनी असली पहचान के साथ सरकारी पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन करना जरूरी होता है। इसके बावजूद बीजिंग में अब यह नया कदम सुरक्षा को और मजबूत करने के तौर पर देखा जा रहा है। दरअसल, चीन में सुरक्षा को लेकर कड़े नियम हैं, खासकर बीजिंग में। ड्रोन जासूसी में इस्तेमाल हो सकते हैं। इससे पहले भी सरकार ने जासूसी के खतरे के चलते टेस्ला जैसी कारों को कुछ सरकारी परिसरों में पार्क करने पर रोक लगाई थी। ड्रोन पर यह सख्ती भी उसी चिंता का हिस्सा मानी जा रही है, क्योंकि इनसे फोटो और वीडियो रिकॉर्डिंग आसानी से की जा सकती है। सिराज/ईएमएस 30अप्रैल26 ---------------------------------