-पुतिन ने युद्धविराम बढ़ाने पर ट्रंप की तारीफ कर इसे सही कदम बताया मॉस्को,(ईएमएस)। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 90 मिनट से ज्यादा समय तक फोन पर बात की। यह बातचीत बुधवार को हुई थी। क्रेमलिन ने ट्रंप के साथ पुतिन की बातचीत को मैत्रीपूर्ण और व्यावसायिक बताया है। उसने कहा कि इस दौरान ईरान युद्ध, यूक्रेन संघर्ष और व्हाइट हाउस से जुड़े एक कार्यक्रम में हाल ही में हुई गोलीबारी समेत कई वैश्विक मुद्दों पर चर्चा हुई। रूसी राष्ट्रपति के सहायक यूरी उशाकोव ने जानकारी देते हुए बताया कि ट्रंप के अनुरोध पर, पुतिन ने संपर्क रेखा पर मौजूदा स्थिति की जानकारी दी, जहां हमारी सेनाएं रणनीतिक बढ़त हासिल कर रही हैं और दुश्मन के ठिकानों को पीछे धकेल रही हैं। ट्रंप ने भी हालिया ईस्टर युद्धविराम के लिए रूस की तारीफ की। वहीं पुतिन ने ट्रंप को आगामी विक्ट्री डे परेड में युद्धविराम की घोषणा करने के लिए रूस की तत्परता के बारे में सूचित किया। पुतिन ने ट्रंप से कहा कि कीव खुलेआम आतंकवादी तरीकों का सहारा ले रहा है, रूसी धरती पर पूरी तरह से नागरिक ठिकानों पर हमला कर रहा है और पुष्टि की कि विशेष सैन्य अभियान के लक्ष्य हर हाल में हासिल किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पुतिन और ट्रंप दोनों ने कीव शासन के व्यवहार के बारे में समान आकलन व्यक्त किए...जो यूरोपियों द्वारा उकसाए और समर्थित होकर, संघर्ष को लंबा खींचने की नीति अपना रहा है। उशाकोव ने कहा कि ट्रंप ने उम्मीद जताई है कि यूक्रेन में संघर्ष को समाप्त करने वाला समझौता जल्द होने वाला है। मीडिया रिपोर्ट में उशाकोव ने बताया कि पुतिन ने ईरान के साथ युद्धविराम बढ़ाने के ट्रंप के फैसले की तारीफ करते हुए इसे सही कदम बताया और कहा कि इससे बातचीत के द्वार खुलेंगे और सामान्य तौर पर स्थिति को स्थिर करने में मदद मिलेगी। उशाकोव ने कहा कि ट्रंप ने समाप्त हुए सैन्य टकराव के परिणाम पर अपना आकलन और साथ ही ईरान और उसके नेतृत्व की वर्तमान कठिन स्थिति पर अपने विचार रखे। उशाकोव ने कहा कि रूस ईरान, इजराइल और फारस की खाड़ी के देशों के नेताओं के साथ-साथ अमेरिकी वार्ता टीम के साथ सक्रिय संपर्क जारी रखेगा। सिराज/ईएमएस 30अप्रैल26