क्षेत्रीय
30-Apr-2026
...


- 4 मई से 7 जून तक स्कूल रहेंगे बंद, 8 जून से नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत गांधीनगर (ईएमएस)| गुजरात राज्य के शिक्षा विभाग ने राज्य की सभी प्राथमिक और माध्यमिक शालाओं के लिए गर्मी की छुट्टियों की आधिकारिक घोषणा कर दी है। गुजरात माध्यमिक और उच्चतर माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा जारी परिपत्र के अनुसार, इस वर्ष छात्रों को कुल 35 दिनों का समर वेकेशन मिलेगा। राज्यभर के स्कूलों में 4 मई से औपचारिक रूप से छुट्टियां शुरू हो जाएंगी, जो 7 जून तक जारी रहेंगी। इसके बाद 8 जून से नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत होगी। शिक्षा विभाग के इस निर्णय से लाखों छात्रों में उत्साह का माहौल है। भीषण गर्मी और वार्षिक परीक्षाओं के तनाव के बाद यह लंबा अवकाश बच्चों के लिए राहत और ताजगी लेकर आएगा। सरकारी दिशा-निर्देशों के अनुसार, अवकाश अवधि में सभी स्कूलों में शैक्षणिक गतिविधियां बंद रहेंगी, हालांकि प्रशासनिक कार्य जारी रह सकते हैं। गांधीनगर से जारी परिपत्र में स्पष्ट किया गया है कि छुट्टियों की अवधि में किसी भी प्रकार का बदलाव नहीं किया जाएगा। शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करें। तेज गर्मी को देखते हुए लिया गया यह निर्णय छात्रों के स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी माना जा रहा है। वहीं, अभिभावक भी अब बच्चों के समर वेकेशन की योजना बनाने में जुट गए हैं। जून के दूसरे सप्ताह से एक बार फिर स्कूल बसों और यूनिफॉर्म में सजे बच्चे स्कूलों में लौटेंगे और शैक्षणिक गतिविधियां पुनः गति पकड़ेंगी। सतीश/30 अप्रैल