क्षेत्रीय
30-Apr-2026
...


- कलेक्टर ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के साथ किया भितरवार मंडी व उपार्जन केंद्रों का निरीक्षण ग्वालियर (ईएमएस)| मंडी एवं खरीदी केदो में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की मंशा के अनुरूप किसानों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें, साथ ही किसने की उपज की तुलाई जल्द से जल्द कराएं। इस आशय के निर्देश कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने मंडी प्रबंधन एवं समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी से जुड़े अधिकारियों को दिए। कलेक्टर श्रीमती चौहान गुरुवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह के साथ भितरवार पहुंचीं और कृषि उपज मंडी में चल रही खरीदी व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने समर्थन मूल्य पर गेहूँ खरीदी के लिए स्थापित उपार्जन केंद्रों का भी निरीक्षण किया। कलेक्टर एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने किसान भाइयों, हम्मालों, मंडी व्यापारियों और मंडी प्रबंधन को आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन एवं पुलिस उनकी सुविधा, सहूलियत और सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर है। निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री जयराज कुबेर, एसडीएम श्री राजीव समाधिया सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। - मंडी में किसानों से सीधा संवाद कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने कृषि उपज मंडी भितरवार में उपज बेचने आए किसानों से सीधी चर्चा कर वहाँ मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। किसानों ने मंडी की व्यवस्थाओं को बेहतर बताया। कलेक्टर ने मंडी प्रबंधन को निर्देश दिए कि किसानों की उपज की तुलाई जल्द से जल्द हो। यदि किसी कारणवश तुलाई में देरी की संभावना हो तो किसानों को पहले से ही सूचित किया जाए, जिससे वे अनावश्यक प्रतीक्षा से बच सकें और अपने अन्य कार्य निपटा सकें। - हम्माल-तुलावटियों के श्रमिक कार्ड बनाने के निर्देश कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने भितरवार एसडीएम एवं मंडी प्रबंधन को निर्देशित किया कि विशेष शिविर आयोजित कर सभी शेष हम्माल-तुलावटियों के श्रमिक कार्ड बनवाए जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई भी हम्माल बिना श्रमिक कार्ड के न रहे, जिससे उन्हें शासन की कल्याणकारी योजनाओं का पूरा लाभ मिल सके। - इन खरीदी केन्द्रो का किया निरीक्षण कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री धर्मवीर सिंह के साथ भितरवार के समीप एक वेयरहाउस में समर्थन मूल्य पर गेहूँ खरीदी के लिए संचालित तीन उपार्जन केंद्रों का भी बारीकी से निरीक्षण किया। इस वेयरहाउस में प्राथमिक सहकारी समिति गोहिंदा व बागवई एवं मार्केटिंग सोसायटी द्वारा उपार्जन केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। कलेक्टर ने उपार्जन व्यवस्था से जुड़े अधिकारियों-कर्मचारियों को निर्देशित किया कि पंजीकृत किसानों से स्लॉट बुकिंग के अनुसार ही खरीदी की जाए और तुलाई में अनावश्यक विलंब न हो। उन्होंने किसानों से भी अपील की कि वे घर से ही गेहूँ को छानकर मानकों के अनुरूप तैयार करके लाएं, जिससे उनकी उपज की तुलाई त्वरित गति से हो सके। कलेक्टर श्रीमती चौहान ने किसानों को जानकारी दी की सरकार द्वारा स्लॉट बुकिंग की तिथि 23 अप्रैल तक बढ़ा दी गई है। - उपार्जन केंद्रों में मिल रहीं सुविधाओं से खुश हैं किसान विभिन्न ग्रामों सेसमर्थन मूल्य पर गेहूँ बेचने आए किसानों ने कलेक्टर को बताया कि इस बार खरीदी केंद्र पर गुड़, चना, शरबत, ठंडा पानी एवं ओआरएस जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे वे बेहद संतुष्ट हैं। किसानों का कहना है कि यह प्रदेश सरकार की उस प्रतिबद्धता का प्रतिबिंब है जिसमें किसानों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है।