शाहजहांपुर (ईएमएस)। यूपी के शाहजहांपुर जिले में शाहजहांपुर-पलिया हाईवे पर पुवायां थाना क्षेत्र के गांव भूड़ा मैनारी ओवरब्रिज के पास बोलेरो कार की टक्कर से बाइक सवार दंपती और दो बच्चों की मौत हो गई। उनकी पहचान निगोही के मोहल्ला रामनगर बगिया निवासी अरुण कुमार उर्फ कन्हैया (40), अरुण की पत्नी सीमा देवी (35), बेटी दीक्षा (08) और बेटे नैतिक (06) के रूप में हुई। प्राप्त विवरण के मुताबिक अरुण की ससुराल पुवायां के गांव सिरखिड़ी में है। अरुण के ससुर गोपी के परिवार में बेटी की शादी थी। अरुण अपनी पत्नी और बच्चों के साथ शादी में शामिल होने के लिए 28 अप्रैल को सिरखिड़ी गांव आए थे। गुरुवार को वह घर वापस जा रहे थे। गांव भूड़ा मैनारी ओवरब्रिज के पास बोलेरो की टक्कर बाइक में लग जाने से दंपती और दोनों बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर भीड़ लग गई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने घायलों को पुवायां सीएचसी भिजवाया। सीएचसी पर चारों को मृत घोषित कर दिया गया। अरुण की एक पुत्री प्रांशी घर पर है। अरुण मजदूरी कर परिवार की गुजर-बसर करते थे। वह हेलमेट नहीं लगाए थे। उधर, हादसे के बाद चालक बोलेरो छोड़कर भाग गया है। बोलेरो पुवायां क्षेत्र की है। उसके चालक की तलाश की जा रही है। जितेन्द्र 30 अप्रैल 2026