संभल (ईएमएस)। यूपी के संभल जिले के जुनावई थाना इलाके में मेरठ-बदायूं हाईवे किनारे गांव दुबारी कलां में बीती रात घर के बाहर अपनी आठ वर्षीय पुत्री अल्शिफा के साथ चारपाई पर सो रहे ई-रिक्शा चालक सलीम (30) को बेकाबू कार ने रौंद दिया। कार चारपाई समेत पास खड़े ई-रिक्शा को तीस मीटर की दूरी तक घसीटते हुए पोल में जा घुसी। हादसे में पिता-पुत्री की मौत हो गई। हादसे के बाद धमाके की आवाज सुन कर घर से बाहर आए आसपास के लोगों ने कार चालक को पकड़ लिया और मौके पर पहुंची पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजे हैं। मिली जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के दुबारी कला गांव के रहने वाले सलीम ई-रिक्शा चला कर परिवार का भरण पोषण कर रहे थे। उसका मकान मेरठ बदायूं हाईवे के किनारे बना हुआ है। वह रोज की तरह ई-रिक्शा की रखवाली करने के लिए बुधवार रात अपनी आठ वर्षीय बेटी अल्शिफा के साथ एक ही चारपाई पर सो रहे थे। इसी दौरान रात 12 बजे के बाद टैक्सी कार चालक दिल्ली की तरफ से बदायूं जा रहा था। तेज रफ्तार आ रहे कार चालक ने घर के दरवाजे पर सो रहे पिता-पुत्री की चारपाई और नजदीक खड़े ई-रिक्शा को घसीटते हुए तीस मीटर दूर तक ले गया। इसके बाद कार पोल में जा घुसी। बिजली का पोल भी क्षतिग्रस्त हो गया। धमाके की आवाज सुन कर पास पड़ोस के लोग जाग गए और पड़ोसी महेंद्र सिंह घर से बाहर आए मौके पर पहुंच कार चालक को मौके से भागते हुए पकड़ लिया। आस-पड़ोस के लोग एकत्र हो गए। तभी ग्रामीणों के द्वारा खून से लथपथ पड़े पिता सलीम एवं पुत्री अल्शिफा को घटना स्थल से अलग किया गया। तब तक पिता पुत्री की मौत हो चुकी थी। सूचना पर मौके पर पहुंची थाना पुलिस ने कार चालक एवं वाहन को कब्जे में ले लिया। जितेन्द्र 30 अप्रैल 2026