राज्य
30-Apr-2026


* मोरबी के हलवद क्षेत्र में घटना, पिता के सामने ही डूबे बच्चे; रेस्क्यू ऑपरेशन जारी मोरबी (ईएमएस)| गुजरात के मोरबी जिले के हलवद तालुका में स्थित नर्मदा नहर में आज एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है। हलवद के मानसर के पास से गुजर रही धांगध्रा ब्रांच नहर में नहाने उतरे दो नाबालिग बच्चे अचानक तेज पानी के बहाव में बह गए और डूब गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों बच्चे तमिलनाडु के निवासी थे और अपने पिता के साथ ट्रक में बैठकर मोरबी की ओर जा रहे थे। यात्रा के दौरान हलवद के पास मानसर क्षेत्र में ट्रक रुकने पर दोनों बच्चे नहर किनारे नहाने के लिए उतर गए। पानी की गहराई और तेज बहाव का अंदाजा न होने के कारण वे अचानक गहरे पानी में समा गए। घटना की जानकारी मिलते ही हलवद पुलिस और फायर विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। नहर के तेज बहाव के बीच बच्चों की तलाश के लिए युद्धस्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। फायर ब्रिगेड के गोताखोर नहर में उतरकर लगातार खोजबीन कर रहे हैं, लेकिन अभी तक कोई सफलता हाथ नहीं लगी है। इस हादसे से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है, वहीं पिता के सामने ही दोनों बच्चों के डूब जाने से परिवार में मातम पसरा हुआ है। सतीश/30 अप्रैल