लेख
01-May-2026
...


भारतीय जनता पार्टी के मध्यप्रदेश के मीडिया प्रभारी के रूप में आशीष ऊषा अग्रवाल का तीन वर्ष का कार्यकाल संगठन की उल्लेखनीय उपलब्धियों से परिपूर्ण रहा है। संगठननिष्ठ, कर्मठ और नवाचारप्रिय व्यक्तित्व के धनी आशीष अग्रवाल ने अपनी कार्यशैली से मीडिया प्रबंधन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल द्वारा उनकी क्षमता, संगठन के प्रति समर्पण, तकनीकी दक्षता और शालीन व्यवहार को देखते हुए उन्हें पुनः यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपना उनकी कार्यकुशलता का प्रमाण है। आशीष अग्रवाल ने मीडिया विभाग को सुदृढ़ और सक्रिय बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने प्रवक्ताओं की एक सशक्त टीम तैयार कर पार्टी की नीतियों, कार्यक्रमों और उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से जन-जन तक पहुंचाया। उनके नेतृत्व में प्रतिदिन प्रेस नोट, फोटो और वीडियो सामग्री समय पर मीडिया संस्थानों तक पहुंचाई जाती रही। बीते तीन वर्षों में लगभग ढाई हजार प्रेस कॉन्फ्रेंस का सफल आयोजन उनकी संगठन क्षमता को दर्शाता है। राजनीतिक दृष्टि से भी यह कार्यकाल अत्यंत सफल रहा। विधानसभा चुनाव 2023 में 163 सीटों की ऐतिहासिक जीत और लगभग 49 प्रतिशत वोट शेयर प्राप्त होना, उपचुनावों में विजय तथा लोकसभा चुनाव 2024 में सभी 29 सीटों पर जीत और लगभग 60 प्रतिशत वोट शेयर हासिल करना, इन उपलब्धियों में मीडिया विभाग का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इस सफलता का श्रेय आशीष अग्रवाल के कुशल नेतृत्व को भी जाता है। मीडिया जगत के साथ उनके आत्मीय संबंध उनकी विशेष पहचान हैं। वे पत्रकारों को परिवार की तरह मानते हैं और उनके सुख-दुख में सहभागी बनते हैं। चाहे बड़े मीडिया संस्थान हों या छोटे प्लेटफॉर्म, वे सभी के लिए सहज उपलब्ध रहते हैं और निष्पक्ष रूप से संवाद बनाए रखते हैं। संगठनात्मक जिम्मेदारियों में भी उन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। सदस्यता अभियान, संगठन पर्व और विभिन्न चुनावी प्रक्रियाओं को सफलतापूर्वक संपन्न कर उन्होंने अपनी नेतृत्व क्षमता का परिचय दिया है। “एक देश, एक चुनाव” जैसे महत्वपूर्ण विषयों में भी उनकी सक्रिय भागीदारी रही है। आशीष ऊषा अग्रवाल एक कर्मयोगी, नवाचारी और समर्पित व्यक्तित्व हैं, जिन्होंने निरंतरता और सातत्य के साथ संगठन को मजबूत किया है। उनका यह सफल कार्यकाल प्रेरणादायक है और भविष्य में उनसे और भी नए कीर्तिमान स्थापित करने की अपेक्षा है। ईएमएस/01/05/2026