ड्राइवरलेस कार से लेकर 9 मिनट में चार्जिंग तक की तकनीक बीजिंग (ईएमएस)। चीन की राजधानी बीजिंग में शुरू हुए ऑटो शो 2026 में भविष्य की ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री का चेहरा साफ नजर आ रहा है। 3.8 लाख वर्गमीटर में फैले मेगा इवेंट में 1,450 से ज्यादा वाहन और 181 ग्लोबल डेब्यू पेश हो रहे हैं। चीन और ग्लोबल कंपनियों ने भविष्य की कारों और ईवीटोल (उड़ने वाले वाहनों) के इसतरह के कॉन्सेप्ट पेश किए हैं जो आने वाले समय में ड्राइविंग की दुनिया बदल देने वाले हैं। फ्यूचर की कार अवतार की यह 5.8 मीटर लंबी इलेक्ट्रिक ग्रैंड टूरर एक ‘मोबाइल स्पेस’ जैसा डिजाइन पेश करता है। ग्लास रूफ, पिलरलेस डोर और प्रिजमैटिक केबिन कार से ज्यादा एक लग्जरी अनुभव बनाते हैं। इसमें ऑटोनॉमस हार्डवेयर और 99 प्रतिशत एफिशिएंसी वाली मोटर दी गई है। गीली ने ऑटोनॉमस रोबोटैक्सी पेश की है। इसमें स्टीयरिंग व्हील नहीं है। आमने-सामने सीटिंग और सेंसर-आधारित नेविगेशन सिस्टम पूरी तरह ड्राइवरलेस बनाते हैं। अत्याधुनिक तकनीक खुद फैसला लेने में सक्षम बनाती है। कमर्शियल वर्जन अगले वर्ष आ सकता है। वहीं बीवाईडी की यह हाई-परफॉर्मेंस ईवी करीब 1100 हॉर्सपावर ताकत देती है। इसकी बैटरी सिर्फ 9 मिनट में करीब फुल चार्ज होती है। वहीं एक्सपेंग का यह मॉड्यूलर व्हीकल शो का सबसे वायरल आकर्षण रहा। इसमें एक कार के साथ अलग होने वाला फ्लाइंग मॉड्यूल है, जो जरूरत पड़ने पर हवा में उड़ सकता है। यह कॉन्सेप्ट शहरी ट्रैफिक से बचने का भविष्य दिखाता है और एआई आधारित मोबिलिटी की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। इसके अलावा शाओमी एसयू7 अल्ट्रा एक ऐसी कार है जो आपके स्मार्ट होम से पूरी तरह जुड़ी रहती है। अपने मोबाइल फोन से आप कार के दरवाजे खोल सकते हैं, चार्जिंग सेट कर सकते हैं, जबकि कार से आप घर के उपकरणों को नियंत्रित कर सकते हैं। उदाहरण के लिए, जब आप गाड़ी चलाकर निकलते हैं, तब कार सभी लाइटें, उपकरण बंद कर सकती है और पर्दे गिरा सकती है, साथ ही आपके घर आने का पता चलने पर एयर कंडीशनिंग चालू कर सकती है। इसका एआई सिस्टम ड्राइविंग के दौरान रेस्टोरेंट बुकिंग भी कर सकता है। आशीष/ईएमएस 01 मई 2026