- 6800 आरक्षकों की चयन प्रक्रिया हुई पूर्ण, 30 मई तक ज्वाइनिंग के निर्देश इंदौर (ईएमएस)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की घोषणा के अनुरूप मध्यप्रदेश पुलिस में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की दिशा में बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। वर्ष 2025 की पुलिस आरक्षक भर्ती के अंतर्गत जिला बल में कुल 6800 पदों पर चयन प्रक्रिया पूर्ण कर ली गई है, जिनमें से 2070 पदों पर महिला आरक्षकों का चयन हुआ है। पुलिस मुख्यालय ने चयनित उम्मीदवारों को जिलों का आवंटन कर दिया है और संबंधित पुलिस अधीक्षकों को समय-सीमा में नियुक्ति पत्र जारी करने के निर्देश दिए गए हैं। मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल ने गुरुवार को इकाई आवंटन का परिणाम अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दिया है। इसके साथ ही चयनित उम्मीदवार अपनी आवंटित इकाई में उपस्थिति दर्ज कराने संबंधी विस्तृत निर्देश भी डाउनलोड कर सकते हैं। मुख्यालय की चयन/भर्ती शाखा के अनुसार, उम्मीदवारों को एक माह के भीतर नियुक्ति संबंधी सभी औपचारिकताएं पूर्ण कर ज्वाइनिंग देनी होगी। :: महिलाओं को मिला 35 प्रतिशत आरक्षण का लाभ :: इस भर्ती में जिला बल के कुल 6800 पदों में से महिलाओं के लिए 35 प्रतिशत आरक्षण के मान से 2380 पद आरक्षित किए गए थे। वर्तमान में न्यायालय के आदेशानुसार 13 प्रतिशत पदों को होल्ड पर रखते हुए 87 प्रतिशत पदों का परिणाम घोषित किया गया है, जिसके तहत 2070 महिला उम्मीदवारों का चयन हुआ है। :: जल्द शुरू होगा प्रशिक्षण :: विगत 9 अप्रैल को अंतिम परीक्षा परिणाम जारी होने के बाद से ही उम्मीदवारों को जिलों के आवंटन का इंतजार था। नियुक्ति की कार्रवाई पूर्ण होने के बाद नवनियुक्त आरक्षकों को बुनियादी प्रशिक्षण के लिए भेजा जाएगा। इस भर्ती से प्रदेश की कानून व्यवस्था और पुलिसिंग में महिला बल की उपस्थिति और अधिक प्रभावी होगी। - 30 अप्रैल 2026